विकास को हरित और समावेशी बनाना समय की मांग’ – संजय असाटी

उत्तरप्रदेश,बीजपुर, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एनटीपीसी रिहंद परियोजना में “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” थीम के तहत विभिन्न जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख (रिहंद) संजय असाटी ने कहा कि 21वीं सदी का सबसे महत्वपूर्ण विकास सिद्धांत सतत विकास है और विकास को हरित एवं समावेशी बनाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सतत विकास का अर्थ वर्तमान पीढ़ी की आवश्यकताओं की पूर्ति इस प्रकार करना है कि भविष्य की पीढ़ियों की जरूरतों से कोई समझौता न हो। आर्थिक विकास, सामाजिक न्याय और पर्यावरण संरक्षण इसके प्रमुख स्तंभ हैं।
पर्यावरण पदयात्रा से दिया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख संजय असाटी द्वारा लेक पार्क से पर्यावरण पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर की गई। पदयात्रा शिवालिक गेस्ट हाउस (गोल्फ ग्राउंड) तक निकाली गई, जिसमें परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, महिलाएं, बच्चे तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए।
प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पदयात्रा के समापन पर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया तथा एनटीपीसी गीत के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
पर्यावरण संरक्षण की दिलाई गई शपथ

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण प्रबंधन समूह के विभागाध्यक्ष राजीव कुमार मित्तल ने पर्यावरण प्रबंधन से संबंधित गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं परियोजना प्रमुख ने एनटीपीसी लिमिटेड के निदेशक (प्रचालन) का पर्यावरण संदेश पढ़कर सुनाया और सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
‘सपनों की उड़ान-2026’ की बालिकाओं ने दी प्रभावशाली प्रस्तुति
बालिका सशक्तिकरण अभियान ‘सपनों की उड़ान-2026’ से जुड़ी बालिकाओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण विषय पर गीत, नुक्कड़ नाटक एवं नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। बालिकाओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया।
वृक्षारोपण कर दिया हरित भविष्य का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आवासीय परिसर स्थित गोल्फ ग्राउंड में वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। परियोजना प्रमुख संजय असाटी, वर्तिका महिला मंडल की अध्यक्ष नीलू असाटी, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, बालिकाओं एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर संजय असाटी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। जल संरक्षण, वृक्षारोपण, ऊर्जा की बचत, प्लास्टिक का कम उपयोग, कचरे का पृथक्करण तथा सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा जैसे छोटे-छोटे कदम मिलकर बड़े सकारात्मक बदलाव का आधार बन सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण प्रबंधन समूह के उपमहाप्रबंधक राघवेंद्र नारायण सिंह ने किया। आयोजन के माध्यम से एनटीपीसी रिहंद ने पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।





