
उत्तरप्रदेश,बीजपुर (सोनभद्र),09 जून। एनटीपीसी रिहंद के मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख संजय असाटी को पदोन्नत कर कार्यकारी निदेशक (Executive Director) नियुक्त किया गया है। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से एनटीपीसी रिहंद परिवार में हर्ष का माहौल है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
श्री असाटी ने वर्ष 1988 में जबलपुर से इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त करने के बाद सितंबर 1989 में एनटीपीसी में कार्यपालक प्रशिक्षु के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उनकी पहली नियुक्ति एनटीपीसी विंध्याचल परियोजना के सी एंड आई विभाग में हुई।
करीब तीन दशक से अधिक के लंबे सेवाकाल में उन्होंने एनटीपीसी की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं—विंध्याचल, ऊंचाहार, झज्जर और रिहंद—में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए उल्लेखनीय योगदान दिया है। वे अपनी परिचालन उत्कृष्टता, तकनीकी दक्षता, प्रशासनिक क्षमता और उत्पादन बढ़ाने के प्रयासों के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं।
एनटीपीसी में श्री असाटी की पहचान एक कुशल, दूरदर्शी और परिणामोन्मुखी नेतृत्वकर्ता के रूप में रही है। अपनी लगन, निष्ठा और ईमानदारी के बल पर उन्होंने संगठन में एक विशिष्ट स्थान बनाया है।
एनटीपीसी प्रबंधन को विश्वास है कि कार्यकारी निदेशक के रूप में श्री असाटी के नेतृत्व, अनुभव और दूरदृष्टि से संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उनके मार्गदर्शन में एनटीपीसी रिहंद परिचालन, नवाचार, सुरक्षा, विश्वसनीयता और सतत विकास के क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा कंपनी की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।




