अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस पर एचटीपीएस कोरबा पश्चिम में हुए विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम, प्रश्नोत्तरी और नारा प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित

कोरबा, 18 सितंबर 2026। हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम में अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ओजोन परत के महत्व, उसके संरक्षण और पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक एचके सिंह ने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी के लिए एक प्राकृतिक सुरक्षा कवच है। यह सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणों के बड़े हिस्से को रोककर पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करती है। उन्होंने कहा कि ओजोन परत को नुकसान पहुंचाने वाले रसायनों के उत्सर्जन को नियंत्रित करने तथा पर्यावरण- अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम के पुरस्कार वितरण समारोह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता, केएनबी राव, एके शाह और एसके नायर की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान पाली रसायनज्ञ प्रदीप देवांगन ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से ओजोन परत पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों और उसके संरक्षण के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके साथ ही ओजोन परत संरक्षण विषय पर नारा प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों आलोक कुमार रात्रे, मनोज पटेल और सूर्य प्रकाश जायसवाल को कार्यपालक निदेशक एचके सिंह ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का समन्वय एवं संचालन सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) विकास उईके ने किया। आयोजन के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ओजोन परत के संरक्षण तथा पर्यावरण सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।





