
कोरबा।आगामी 28 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने जा रही दिव्य श्री हनुमंत कथा को लेकर आज कोरबा प्रेस क्लब में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने पत्रकारों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए इसे धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से एक ऐतिहासिक आयोजन बताया।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि कथा का आयोजन ग्राम ढप-ढप (बांकीमोंगरा–कटघोरा मार्ग) में किया जाएगा, जहां प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम की शुरुआत 27 मार्च को 21,000 माताओं-बहनों की भव्य कलश यात्रा से होगी, जो आयोजन की आध्यात्मिक भव्यता को दर्शाएगी।
आयोजकों ने जानकारी दी कि 28 मार्च को गुरुजी का आगमन एवं स्वागत होगा, साथ ही पांच दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर का उद्घाटन भी किया जाएगा। 28 मार्च से प्रतिदिन दिव्य श्री हनुमंत कथा का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी शामिल रहेंगे।
29 मार्च को आश्रम के नवीन भवन निर्माण का संकल्प लिया जाएगा, वहीं 30 मार्च को दिव्य दरबार का आयोजन किया जाएगा। 31 मार्च को बजरंग दल के त्रिशूल दीक्षा संकल्प एवं घर वापसी कार्यक्रम आयोजित होंगे।
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि 1 अप्रैल को 108 दिव्यांग एवं जरूरतमंद कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा, जो इस आयोजन का सबसे प्रमुख सामाजिक पहलू होगा। यह कार्यक्रम कथा स्थल में आयोजित होगा। कलश यात्रा में महिलाओं से शामिल होने के एवज में पैसे लेने की बात को आयोजन समिति ने खारिज किया और इसे भ्रामक बताया और कहां की यह केवल अफवाह है, कलश यात्रा में शामिल होने के लिए किसी महिला से कोई भी शुल्क नहीं लिया जा रहा है। साथ ही कथा स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे कीमती आभूषण पहन कर ना आएं और अपने मोबाइल पर्स इत्यादि का स्वयं ध्यान रखें । सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के जवान व वॉलेंटियर्स मुस्तैद रहेंगे । बावजूद इसके सबको सतर्कता बरतने की जरूरत है। इतने बड़े आयोजन में अवांछित लोगों की सक्रियता से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस दौरान समिति के संरक्षक, संयोजक एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।



