कोरबा। जिले में शासन के निर्देशानुसार विद्यालयो का युक्तियुकरण के तहत समायोजन किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा राजीव गांधी आडिटोरियम ट्रांसपोर्ट नगर में प्राथमिक शाला के अतिशेष शिक्षकों (प्रधान पाठक/सहायक शिक्षक) का कांउसलिंग आज 31 मई को प्रातः 9 बजे से प्रारंभ हुआ।
यहां काउंसलिंग के लिए पहुंचे शिक्षकों में उस वक्त नाराजगी दौड़ पड़ी जब उन्हें पता चला कि युक्तियुक्तकरण के कार्य में पारदर्शिता का पूर्ण रूप से अभाव बना हुआ है। अपने हिसाब से काम किया जा रहा है। अतिशेष शिक्षकों की सूची तो जारी कर दी गई है लेकिन रिक्त विद्यालयों के संबंध में कोई भी जानकारी नहीं दी जा रही है।
आरोप यह भी है कि जो सूची पहले अपलोड की गई थी उसे आधी रात दूसरी सूची जारी कर उसमें कुछ नाम को बदल दिया गया है, कुछ नाम हटा दिए गए हैं। इस तरह से जारी सूची ही दूषित हो गई है और इसमें भेदभाव बरतने के साथ-साथ मनमानी की जा रही है। इस युक्तियुक्तकरण के विरोध में शिक्षकों का संगठन भी सामने आ गया है।
बताते चलें कि शिक्षा विभाग में व्यापक पैमाने पर मनमानी और गड़बड़ी की जा रही है। इससे पहले भी सहायक शिक्षकों की पदोन्नति के समय भी व्यापक गड़बड़ियां सामने आई थी और मामला हाईकोर्ट तक जा पहुंचा था। सूत्रों के मुताबिक अभी युक्ति युक्त करण के कार्य में जमकर लेन-देन और अपने-अपने लोगों को उपकृत करने का खेल खेले जाने की भी चर्चा महकमे में खूब चल रही है।