
उत्तरप्रदेश,बीजपुर। क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) एवं सीईओ एनएसपीसीएल दिवाकर कौशिक ने एनटीपीसी रिहंद परियोजना का दौरा किया। परियोजना परिसर पहुंचने पर कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उत्तरा क्लब की अध्यक्षा सीमा कौशिक भी उपस्थित रहीं।

दौरे की शुरुआत में श्री कौशिक ने ‘बालिका सशक्तीकरण अभियान-2026’ की कार्यशाला में भाग ले रही ग्रामीण बालिकाओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बालिकाओं के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। इसके बाद प्रशासनिक भवन में एसएमसी सदस्यों के साथ बैठक कर संयंत्र के प्रदर्शन की समीक्षा की तथा यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक संवाद किया।

संयंत्र क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान श्री कौशिक ने फ्लू गैस डिसल्फराइजेशन (एफजीडी) परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने एफजीडी स्टेज-1 एवं 3 के लाइम स्टोन तथा जिप्सम हैंडलिंग सिस्टम के विद्युत भवन का उद्घाटन भी किया। इसके अलावा निर्माणाधीन 20 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र और इनटेक चैनल का निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की।
शाम को तरंग प्रेक्षागृह में उनके सम्मान में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं एनटीपीसी गीत के साथ हुआ। परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए रिहंद परियोजना की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर टाउनशिप के विभिन्न विद्यालयों, बाल भवन, ईडब्ल्यूए तथा महिला क्लब वेलफेयर विंग के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
अपने संबोधन में दिवाकर कौशिक ने रिहंद परियोजना की कार्यशैली और उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि रिहंद परियोजना उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय का गौरवशाली स्तंभ है, जिसने अपनी कार्यकुशलता, तकनीकी उत्कृष्टता और प्रतिबद्धता से लगातार नई मिसालें स्थापित की हैं। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
दौरे के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए दिवाकर कौशिक, सीमा कौशिक, संजय असाटी तथा वर्तिका महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी ने परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान एनटीपीसी रिहंद के वरिष्ठ अधिकारी, महिला क्लब की पदाधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




