बांकीमोंगरा में रंजिश के चलते तीन युवकों और नाबालिग ने घेरकर की बेरहमी से मारपीट, पुलिस ने आरोपियों को भेजा जेल
कोरबा। दुकान में चोरी की जानकारी दुकान मालिक को देना एक युवक को भारी पड़ गया। इसी बात से नाराज होकर तीन युवकों और एक नाबालिग ने युवक को घेरकर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक के साथ लात-मुक्कों से मारपीट करने के साथ उसका गला दबाया और सिर पर कड़े से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में बांकीमोंगरा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चाकाबुड़ा छिछमेपारा निवासी अजय सिदार (23 वर्ष) ने 10 सितंबर को थाना बांकीमोंगरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 9 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे उसने सल्हियापारा स्थित एक दुकान के पुराने मकान से कान्हा अगरिया, बिज्जू और सोनू अगरिया को चोरी का सामान ले जाते देखा था। इसकी जानकारी उसने दुकान मालिक को दे दी थी।
पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर आरोपियों में युवक के प्रति रंजिश थी। 9 सितंबर की रात करीब 9 बजे तालाब के पास चारों ने अजय को घेर लिया और दुकान मालिक को चोरी की जानकारी देने की बात पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने हाथ, मुक्का और लात से लगातार हमला किया तथा उसका गला भी दबाया। इसी दौरान विधि से संघर्षरत बालक ने हाथ में पहने कड़े से अजय के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसका सिर फूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामले की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 176/2026 दर्ज कर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) एवं 109(1) के तहत जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने कन्हैयालाल अगरिया उर्फ कान्हा (19), विजय कुमार अगरिया उर्फ बिज्जू (20) और राहुल सिंह अगरिया उर्फ सोनू (20) को हिरासत में लिया। साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद विधिवत कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।





