कोरबाछत्तीसगढ़

वंदे मातरम् के सामूहिक गायन ने जगाई राष्ट्रभाव की अनुभूति

वंदे मातरम् पर प्रधानमंत्री मोदी का देशभक्ति और एकता का संदेश

कोरबा 07 नवंबर, 2025/भारत की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम और मातृभूमि के प्रति अपार श्रद्धा का प्रतीक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्‘ आज भी प्रत्येक भारतीय के हृदय में स्वाभिमान और देशभक्ति का स्वर जगाता है। इसी अमर रचना की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज देशभर में एक भव्य राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से संपन्न हुआ, जिसमें माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला।

प्रधानमंत्री श्री मोदी के इस विशेष संबोधन का सीधा प्रसारण कोरबा जिला कार्यालय के नये सभाकक्ष में किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने कार्यक्रम को एक साथ देखा एवं सुना। कार्यक्रम में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री प्रेमचंद पटेल शामिल हुए।


प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम्’ हमारे राष्ट्र की आत्मा का स्वर है। यह गीत भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों के मन में स्वाभिमान, साहस और संघर्ष की ज्योति जगाने वाला रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति आदर, सम्मान और भावनात्मक एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र की सांस्कृतिक धरोहर, स्वाधीनता संग्राम और राष्ट्रीय मूल्यों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, समर्पण और सेवा की भावना का सशक्त स्वर है, जिसे आज देश का प्रत्येक नागरिक अपने मन में संजोए हुए है। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर यह 150वीं वर्षगांठ न केवल स्मरण का अवसर है, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प भी है। ‘वंदे मातरम्’ ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लोगों में स्वाभिमान और देशप्रेम की ज्वाला प्रज्वलित की थी, और यह आज भी नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने आगे कहा कि हमें इस अमर राष्ट्रीय धरोहर को केवल गान के रूप में ही नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों और कर्तव्यनिष्ठा के रूप में आत्मसात करना चाहिए, ताकि हम सभी मिलकर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकें।

इस दौरान सभागार में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने एक साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। सामूहिक स्वर में गूँजते ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से सम्पूर्ण वातावरण देशभक्ति और उत्साह की भावना से भर उठा।
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्‘ की 150वीं वर्षगांठ केवल एक ऐतिहासिक तिथि नहीं, बल्कि भारतीय अस्मिता और मातृभूमि के सम्मान का गौरवशाली प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन महान साहित्यकार एवं स्वतंत्रता आंदोलन के प्रेरणास्रोत बंकिम चंद्र चटर्जी ने रचना की सृजना की थी। यह गीत केवल शब्दों का संयोजन नहीं, बल्कि हमारे देश की सांस्कृतिक पहचान, प्रकृति, भूमि, जल, वन और माँ भारती के रूप का काव्यात्मक चित्रण है। विधायक श्री पटेल ने यह भी कहा कि जैसा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में उल्लेख किया, ‘वंदे मातरम्’ ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान असंख्य भारतीयों के भीतर देशभक्ति, साहस और स्वाभिमान का संचार किया। यह गीत आज भी हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को याद दिलाते हुए एकता और समरसता की भावना को मजबूत करता है। गोपाल मोदी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम्‘ स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज़ादी के अमृतकाल तक, हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि यह गीत केवल स्वतंत्रता सेनानियों को ही नहीं, बल्कि आज भी देश के प्रत्येक नागरिक में मातृभूमि के प्रति समर्पण, साहस और गौरव की भावना जगाता है।


इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, सुष्मिता अनंत, कमला बरेठ, सावित्री कंवर, पूर्व महापौर जोगेश लांबा,वरिष्ठ पत्रकार एवं समाज सेवी  लक्ष्मीकांत जोशी, राजीव सिंह सहित प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पांडे, अपर कलेक्टर  देवेंद्र पटेल, संयुक्त कलेक्टर ओंकार यादव, एसडीएम कोरबा  सरोज महिलांगे, अन्य जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button