featuredछत्तीसगढ़

कलेक्टर ने पाकुरभाट में नीट और जेईई के परीक्षाओं के लिए संचालित आवासीय कोचिंग संस्थान की व्यवस्थाओं का किया पड़ताल

विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान कर निर्धारित समयावधि में पाठ्यक्रम को पूरा करने तथा विद्यालय एवं छात्रावासों में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश


बालोद, 12 फरवरी 2026।कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने आज जिला प्रशासन द्वारा जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई परीक्षाओं के लिए निःशुल्क आवासीय कोचिंग की सुविधा प्रदान करने हेतु पाकुरभाट में संचालित किए जा रहे कोचिंग संस्थान का निरीक्षण कर वहाँ के व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग एवं प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों और बच्चों के अध्ययन-अध्यापन के कार्य में लगे शिक्षक-शिक्षिकाओं को बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान कर निर्धारित समयावधि में उनके पाठ्यक्रम को पूरा कराने के निर्देश भी दिए। श्रीमती मिश्रा ने प्रबंधन का कार्य देख रहे अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी के अनुमति के बिना किसी भी शिक्षक- शिक्षिकाओं की अवकाश स्वीकृत न की जाए। कलेक्टर ने शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा अवकाश के लिए आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर संबंधित विषय के शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था के उपरांत ही उनका अवकाश स्वीकृत करने के निर्देश दिए। जिससे कि अध्ययन-अध्यापन का कार्य किसी भी प्रकार से प्रभावित न हो। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  सुनील चंद्रवंशी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने विद्यार्थियों के क्लास रूम में पहुँचकर अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्थाओं के संबंध में विद्यार्थियों से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से विषयवार अध्ययन-अध्यापन की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने सभी विषयों के शिक्षकों को बुलाकर प्रत्येक शिक्षकों से अध्ययन-अध्यापन के कार्य में अब तक की प्रगति तथा गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ पाठ्यक्रम को समय पर पूरा करने हेतु उनके द्वारा निर्धारित कार्य योजना के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाले भोजन, स्व अल्पाहार एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को बच्चों के रूचि के आधार पर मेन्यू बनाकर उन्हें भोजन एवं स्व अल्पाहार की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम एवं पूरे मनोयोग के साथ विद्या अध्ययन कर जेईई एवं नीट की परीक्षा में अपना चयन सुनिश्चित कराने को कहा।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कोचिंग प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के बालक एवं बालिका छात्रावास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास के विभिन्न कक्षों का अवलोकन कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। श्रीमती मिश्रा ने विद्यार्थियों को अपने-अपने कमरों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित करने की समझाईश भी दी। इसके अलावा उन्होेंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को बालक एवं कन्या छात्रावास में बच्चों को शुद्ध पेयजल की उलपब्धता सुनिश्चित कराने हेतु आरओ लगाने एवं प्रत्येक कमरों में टेबल, कुर्सी आदि का प्रबंध कराने को कहा। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जिला शिक्षा अधिकारी को कन्या छात्रावास में पर्याप्त मात्रा में सेनेटरी नेपकीन का प्रबंध कराने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही समय पर कोचिंग संस्थान में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने हेतु बायोमेट्रिक मशीन लगाने के भी निर्देश दिए।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button