
100 से अधिक चालकों को रेड रोज देकर किया सम्मानित


कोरबा। 1 जनवरी से शुरू हुआ सडक सुरक्षा जागरूकता माह 31 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान वे सभी प्रयास किया जा रहे हैं जिन पर अमल करने से हादसों में कमी लाई जा सकती हैं। कोरबा में यातायात पुलिस ने अभियान के तहत ऐसे 100 से अधिक चालकों को सम्मानित किया जो सीट बेल्ट और हेलमेट के साथ ड्राइव करते मिले।
ट्रांसपोर्ट नगर चौक, सुनालिया पुल और कोसाबाड़ी ,सुभाष चंद्र बोस चौराहे पर पुलिस ने चालको की जागरूकता परखी। यहां पर देखा गया कि दुपहिया और चार पहिया गाड़ी चलने के दौरान वाहन चालक किस प्रकार से सतर्कता और सावधानी बरत रहे हैं। हेलमेट के साथ दुपहिया और कार में सीट बेल्ट बांधकर मिले चालकों को पुलिस ने लाल गुलाब के फूल भेंट किया,उन्हें इस सोच को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित किया। पुलिस ने इस अभियान के तहत 100 से अधिक चालकों को लाल गुलाब दिए। उन्हें कहा गया कि हमेशा इसी प्रकार से गाड़ी ड्राइव करना है ताकि सुरक्षा सुनिश्चित रहे। इस प्रकार के चालकों को देख दूसरे लोग भी जागरूक होते हैं और सुरक्षा को अपने जीवन का अहम हिस्सा बनने के लिए मानसिकता तैयार करते हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पाटले,नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में इस अभियान को क्रियान्वित किया जा रहा है। नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, यातायात डीएसपी डीके सिंह,निरीक्षक तेज कुमार यादव, एएसआई मनोज राठौर,ईश्वरी लहरे सहित मैदानी अमले ने इस अभियान को रफ्तार दी।



