100 दिवसीय अभियान के तहत जशपुर में बाल विवाह रोकथाम हेतु शपथ कार्यक्रम आयोजित
एक्सेस टू जस्टिस फॉर चिल्ड्रन प्रोजेक्ट की टीम ने लाइवलीहुड कॉलेज एवं टिकैटगंज हॉस्टल में दिलाई शपथ
जशपुरनगर 9 दिसम्बर 2025/छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में समर्पित संस्था के जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से संचालित एक्सेस टू जस्टिस फॉर चिल्ड्रन प्रोजेक्ट के अंतर्गत “100 दिवसीय अभियान—बनाएंगे बाल विवाह मुक्त भारत” के तहत व्यापक जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
अभियान के क्रम में परियोजना टीम द्वारा लाईवलीहुड कॉलेज एवं टिकैटगंज के हॉस्टल में पहुंचे छात्रों को बाल विवाह जैसे सामाजिक अपराध की रोकथाम के लिए शपथ दिलाई गई। टीम ने बताया कि बाल विवाह न केवल बच्चों के अधिकारों का हनन है, बल्कि उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। इस अवसर पर छात्रों को अपने आसपास—घर, मोहल्ला और समुदाय—में बाल विवाह रोकने एवं इसकी जानकारी संबंधित विभागों को देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने स्पष्ट किया कि भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए कानूनी प्रावधानों, जन-जागरूकता और सरकारी पहलों का संयुक्त प्रयास अत्यंत आवश्यक है। इसमें बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की बाल विवाह मुक्त भारत पहल, तथा 1098 चाइल्डलाइन और 181 महिला हेल्पलाइन जैसे आपातकालीन सहायता नंबरों की भूमिका महत्वपूर्ण है। बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु इन हेल्पलाइनों पर तुरंत सूचना देना अत्यंत प्रभावी कदम माना गया।
इस अभियान को सफलता दिलाने में जशपुर जिले की जिला समन्वयक अंजली ताम्रकार, बबीता ताम्रकार, रानी नायक तथा अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम ने आगे भी जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया।



