
कोरबा । केन्द्र सरकार द्वारा नीति आयोग के माध्यम से देशभर के आकांक्षी जिलों एवं आकांक्षी विकासखंडों में 28 जनवरी से 14 अप्रैल तक सम्पूर्णता 2.0 अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरबा विकासखंड में विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

इसी अभियान के अंतर्गत विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर दिनांक 04 फरवरी 2026 को कोरबा विकासखंड के देवपहरी ग्राम स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कैंसर जागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें कोरबा विकासखंड हेतु नियुक्त नोडल अधिकारी डॉ. दीपक सिंह राज का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
बैठक में ग्राम पंचायत देवपहरी के सरपंच हीराबाई राठिया, सरपंच पति एवं पूर्व सरपंच अमृतलाल राठिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सा सहायक एल.आर. गौतम एवं चिकित्सा सहायक आर.बी. गौतम द्वारा ग्रामीण जनसमुदाय को कैंसर के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस दौरान कैंसर क्या है, इसके प्रारंभिक लक्षण, पहचान के तरीके, रोग के विभिन्न चरण, इससे होने वाली शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक परेशानियाँ तथा इससे बचाव के उपायों पर सरल एवं सहज भाषा में प्रकाश डाला गया। साथ ही कैंसर से जुड़ी प्रचलित भ्रांतियों एवं गलत धारणाओं को दूर करने का प्रयास किया गया।
चिकित्सा सहायकों ने बताया कि कैंसर वर्तमान समय में एक गैर-संचारी लेकिन भयावह रोग बनता जा रहा है, जो स्त्री-पुरुष किसी को भी, किसी भी उम्र में हो सकता है। ऐसे में समय पर जांच, जागरूकता एवं जीवनशैली में सुधार के माध्यम से इससे बचाव संभव है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से आर.एच.ओ. मधुसूदन देवांगन, मितानिन गीता मिश्रा, सविता मंझवार, चमरीन बाई, समारी राठिया सहित ग्राम के प्रबुद्धजन सूखदास, जगदेव राठिया, संपत राठिया,ईश्वर राठिया एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
निश्चित रूप से यह कार्यक्रम विश्व कैंसर दिवस के मूल उद्देश्य “कैंसर से डरना नहीं, बल्कि जागरूक होना और जागरूक करना” को सार्थक करता है और ग्रामीण समुदाय के लिए लाभकारी सिद्ध होगा



