
उत्तरप्रदेश,बीजपुर (सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद द्वारा रेड क्रॉस सोसायटी, सिंगरौली के सहयोग से धन्वंतरी चिकित्सालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व एवं इसके जीवनरक्षक योगदान के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) प्रणय कुमार नायक ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए रक्तदान को सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव सेवा का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने सभी कर्मचारियों से नियमित रूप से रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता करने का आह्वान किया।

शिविर में एनटीपीसी के कर्मचारियों, सीआईएसएफ के जवानों तथा धन्वंतरी चिकित्सालय के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 38 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा।
कार्यक्रम के समापन पर धन्वंतरी चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी.एस. पीटर्स ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा विशेषज्ञों, तकनीकी कर्मचारियों, एनटीपीसी प्रबंधन एवं रेड क्रॉस सोसायटी, सिंगरौली के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से यह जनहितकारी अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
एनटीपीसी रिहंद द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले ऐसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम न केवल जनजागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि जरूरतमंदों को जीवनदान देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




