
अधिकारी सतत फील्ड विजिट कर विभागीय कार्यों की वास्तविक स्थिति एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का करें अवलोकन -कलेक्टर श्री वसंत


अम्बिकापुर 17 मार्च 2026/ कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, कलेक्टर जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल आदि पर समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि अगले टीएल बैठक तक सभी विभाग सीएम जनदर्शन एवं पीजी पोर्टल को शून्य पर लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन विभागों के कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं, वे पीजीएन पर फोकस करें।
बैठक में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि आश्रम छात्रावासों में अटैच शिक्षकों को विद्यालयों में वापस भेजें, ध्यान रहे कोई भी विद्यालय अटैचमेंट के कारण एकल या द्विशिक्षकीय ना रहे। उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय में अतिशेष शिक्षक हों, तभी अटैच किया जाए। उन्होंने विद्यालयों में अनुपस्थित शिक्षकों की बर्खास्तगी की कार्यवाही पर जानकारी ली तथा कहा कि सम्बंधित पर विभागीय जांच अवश्य करवाएं। बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने अपार आईडी निर्माण में प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों से जन्म प्रमाण पत्र निर्माण की जानकारी ली तथा कहा कि जिनका प्रमाण पत्र बनकर तैयार है, उन्हें पंचायत सचिवों के माध्यम से जारी करवाएं। इसके पश्चात शिक्षा विभाग आधार कार्ड बनवाने आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र निर्माण की अनुभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि जिनके पास दस्तावेज नहीं हैं, इस हेतु ग्राम सभा आयोजित करवाया जाए। उन्होंने जल्द से जल्द गंभीरता के साथ कार्य में प्रगति लाने कहा। बैठक में छात्रावासों के निरीक्षण, दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्यान्न वितरण, धान उठाव, डीएमएफ अंतर्गत निर्माण कार्यों की स्थिति, स्थल निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों में कार्यवाही के सम्बन्ध में विभागों से जानकारी ली।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, अपर कलेक्टर राम सिंह ठाकुर, नगर निगम कमिश्नर डी एन कश्यप, सभी एसडीएम एवं विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों को सतत फील्ड विजिट करने दिए निर्देश
कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि अधिकारी सतत फील्ड विजिट कर कार्यों में गति लाएं। सप्ताह में कम से कम 2 दिन अवश्य रूप ने सभी विभाग स्थल निरीक्षण कर विभागीय कार्यों की वास्तविक स्थिति एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का अवलोकन करें। उन्होंने कहा कि फील्ड विजिट आमजनों की समस्याओं को समझने का अच्छा माध्यम है, इसलिए लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं के यथाशीघ्र निराकरण की कार्यवाही हो। उन्होंने कहा कि उन्होंने विशेषकर राजस्व, पंचायत, लोक निर्माण, वन, कृषि,स्वास्थ्य, शिक्षा, आदिवासी विकास विभाग सहित सभी निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे फील्ड में अनिवार्य रूप से जाएं।
पीवीटीजी समुदायों के विद्यार्थियों को अगली कक्षाओं में एडमिशन दिलाने पर विशेष फोकस रखने कलेक्टर ने दिए निर्देश
कलेक्टर श्री वसंत ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को निर्देश दिए कि आश्रम-छात्रावासों में रहने वाले ऐसे विशेष पिछड़ी जनजाति के बच्चों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराएं, जो इस वर्ष कक्षा पांचवीं और आठवीं की परीक्षा दे रहे हों। उन्होंने कहा कि ध्यान रहे कि ये सभी बच्चे आगामी कक्षा छठवीं एवं नवमीं में अवश्य एडमिशन लें। उन्होंने कहा कि स्वयं मॉनिटरिंग करें और शाला त्याग की मंशा वाले बच्चों के अभिभावकों से मिलकर उन्हें प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि पीवीटीजी समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए शिक्षा सशक्त माध्यम है, इसलिए इस ओर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
सरगुजा ओलम्पिक के संभागस्तरीय आयोजन की तैयारियों पर हुई चर्चा
बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने आगामी 21 से 23 मार्च तक जिले में आयोजित होने वाले सरगुजा ओलम्पिक के संभागस्तरीय आयोजन की आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आयोजन के शुभारंभ अवसर पर 21 मार्च को मुख्यमंत्री का आगमन प्रस्तावित है। आयोजन की गरिमा को ध्यान में रखकर समय सीमा में तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने इस दौरान खिलाड़ियों की आवासीय व्यवस्था की जानकारी ली तथा कहा कि सभी स्थानों पर विद्युत, पेयजल की आपूर्ति रहे, सुरक्षा की दृष्टि से होम गार्ड की ड्यूटी लगाएं। स्वच्छता का विशेष ध्यान रहे, स्वास्थ्य विभाग की टीम एक्टिव रहे, उन्होंने भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पूरे आयोजन में अव्यवस्था को स्थिति ना बने। उन्होंने खेल मैदानों की भी जानकारी ली तथा कहा कि प्रतियोगिता के रेफरी को निर्देशित करें कि सभी प्रतियोगिता अच्छे से संचालित हो।
लंबित राजस्व प्रकरणों को समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री वसंत ने समय-सीमा की बैठक के पश्चात राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर लंबित राजस्व प्रकरणों को समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में अविवादित नामांतरण, विवादित नामांतरण, अविवादित खाता विभाजन, विवादित खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, वृक्ष कटाई, वन अधिकार पत्रों का नामांतरण, कोटवारी भूमि के हस्तांतरण, आधार सीडिंग, नक्शा बटांकन, डायवर्सन, आरबीसी 6-4 के प्रकरण, हिट एंड रन सोलेसियम फंड की जानकारी, बंटवारा, त्रुटि सुधार, भूअर्जन जैसे विभिन्न राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई। उन्होंने कोटवारी भूमि के हस्तांतरण की जानकारी ली तथा कहा कि अनुमति प्राप्त भूमि शासन के नाम पर आ जाए और उसमें अहस्तांतरित दर्ज कराएं। उन्होंने समय सीमा के बाहर के सभी प्रकरण को 15 दिवस में पूर्ण करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीएम अंतर्गत एक वर्ष एवं तहसीलदार अंतर्गत 6 माह के प्रकरण लंबित ना रहे। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि राजस्व मामले के लिए आम नागरिकों को कोई परेशानी ना हो।



