कोरबाछत्तीसगढ़

पत्नी की गला घोंट सुलाया मौत के नींद,दुधमुंही बेटी को छोड़ बेटे के साथ पति फरार

सोशल मीडिया में प्रेम संबंध बढ़ने के बाद किया था विवाह

दरवाजे पर था ताला, भीतर रो रही थी मासूम

रामसागर पारा में सनसनीखेज वारदात

कोरबा। कुछ घंटे पहले जिस घर में जन्मदिन की खुशियां बिखरी थीं, वहीं आज मातम पसर गया है। शहर के दर्री रोड रामसागरपारा में प्रीति एंपोरियम दुकान के बगल से गुजरी गली में स्थित एक मकान में आज दोपहर हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर पति फरार हो गया।

मृतका दुर्गा राजपूत अपनी मां के साथ यहां निवास कर रही थी। करीब 2 साल पहले उसने बिलासपुर जिले के अचानकमार निवासी राजकुमार के साथ सोशल मीडिया में प्रेम संबंध बढ़ने के बाद विवाह रचाया था। विवाह के बाद से राजकुमार रामसागर पारा में अपनी ससुराल में ही सास और पत्नी के साथ रह रहा था। इनके दो बच्चे हैं जिनमें से एक लगभग 2 साल का पुत्र और 6 माह पूर्व ही जन्म ली हुई पुत्री शामिल है।

आज सुबह करीब 10 बजे दुर्गा की मां जो कि मालती किन्नर की टीम में गाने-बजाने का काम करती है, अपने काम पर निकल गई थी और घर पर बेटी-दामाद व उसके दो बच्चे रह गए थे। दोपहर करीब 2:15 बजे जब माँ घर लौटी तो दरवाजे पर ताला बंद था लेकिन भीतर से बच्ची के रोने की आवाज आ रही थी। किसी अनहोनी की आशंका पर मॉं ने आसपास के लोगों को सूचना दी और ताला तोड़कर जब लोग भीतर घुसे तो नजारा देखकर दंग रह गए। दुर्गा जमीन पर बेसुध पड़ी थी और मासूम बच्ची बिस्तर पर रो रही थी। दुर्गा की सांस उखड़ चुकी थी। आसपास के लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। करीब सवा 3 बजे कोतवाली पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और आवश्यक जांच पड़ताल प्रारंभ की।

घर से मृतका का पति राजकुमार और 2 साल का पुत्र गायब मिले। राजकुमार के गायब हो जाने से इतना तो स्पष्ट हो चुका है कि उसी ने गला घोट कर दुर्गा की जान ली और चूंकि 2 साल के मासूम पुत्र ने यह सारा घटनाक्रम अपने आंखों से देखा, इसलिए उसे भी अपने साथ ले गया है। राजकुमार अपने साथ पत्नी दुर्गा का मोबाइल को भी ले गया है। मोबाइल का लास्ट लोकेशन शारदा विहार बताया गया है और उसके बाद से बंद है।
ऑटो से सेठ की दुकान गया, फिर बस स्टैंड आया
स्थानीय जागरूक लोगों ने इसके बारे में अपने स्तर पर पता किया तो जानकारी मिली कि राजकुमार, शारदा बिहार में एक सेठ के यहां काम करता था। वह ऑटो पर सवार होकर अपने सेठ के पास गया और वहां से कुछ पैसे लिए और फिर बस स्टैंड जाकर वहां से किसी साधन के माध्यम से कहीं चला गया। इस पूरे समय उसका 2 साल का पुत्र भी साथ में ही देखा गया।
बताया गया कि कल 12 अप्रैल को दुर्गा का जन्मदिन था, देर रात तक जन्मदिन की खुशियां मनाई गई। घर पर डीजे भी बज रहा था। आज सुबह भी जन्मदिन की खुशी का माहौल था। सुबह 10 बजे जब दुर्गा की मां घर से निकली, तब तक सब कुछ ठीक था। इसके कुछ देर बाद दोपहर करीब 12 बजे पति- पत्नी के बीच विवाद की बातें पास पड़ोस के लोगों ने सुनी। जोर-जोर से लड़ाई-झगड़ा करने के बाद राजकुमार ताला बंद करके निकल गया और जब मासूम रोने लगी तब इस घटनाक्रम का खुलासा हुआ। बहरहाल पुलिस द्वारा मर्ग पंचनामा की कार्रवाई करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है। फरार हुए राजकुमार की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

    newsagradoot

    News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

    Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    Back to top button