
कैंडल मार्च निकालकर दिया जागरूकता का संदेश

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एक्सेस टू जस्टिस संस्था ने आयोजित किया विशेष जागरूकता कार्यक्रम

जशपुरनगर 10 मार्च 2026/अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जशपुर जिले में महिलाओं को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करने तथा बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के उद्देश्य से समर्पित ‘एक्सेस टू जस्टिस (न्याय तक पहुंच)’ संस्था द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विभिन्न समितियों, समुदायों और गांवों में पहुंचकर महिलाओं एवं नागरिकों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा उन्हें इसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने कैंडल मार्च निकालकर बाल विवाह के खिलाफ अपना संकल्प व्यक्त किया। कैंडल मार्च के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह न केवल बच्चों के अधिकारों का हनन है, बल्कि यह उनके भविष्य, शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव डालता है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे अपने गांव लूईकोना सहित आसपास के क्षेत्रों में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगी तथा समाज को जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेंगी। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समन्वयक अंजलि ताम्रकार, बबीता ताम्रकार, शिल्पा नायक सहित अन्य साथियों का विशेष योगदान रहा।



