सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘खिलौना दान रथ’ रवाना, घर-घर से जुटाए जाएंगे खिलौने और उपयोगी पुस्तकें

कोरबा, 24 सितंबर 2026। घर में रखा वह खिलौना, जिससे अब आपके बच्चे नहीं खेलते, किसी जरूरतमंद बच्चे के चेहरे पर मुस्कान ला सकता है। इसी सोच को साकार करने के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा जिले में एक अनूठी पहल शुरू की गई है। बुधवार को ‘खिलौना दान रथ’ को रवाना किया गया। यह रथ नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर परिवारों से उपयोग योग्य खिलौने और पुस्तकें एकत्र करेगा।
एकत्र किए गए खिलौनों को जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाने के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि बच्चों को खेल, मनोरंजन और रचनात्मक गतिविधियों के बेहतर अवसर मिल सकें।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी
खिलौना दान रथ को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, एमआईसी सदस्य एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन, जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, अजय विश्वकर्मा, पप्पू जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे। वहीं कलेक्टर कुणाल दुदावत और जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
पुराना खिलौना किसी के लिए बन सकता है सीखने का नया जरिया
जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि घर में रखे ऐसे साफ-सुथरे, सुरक्षित और उपयोग योग्य खिलौने, जिनका अब उनके बच्चों के लिए उपयोग नहीं है, उन्हें जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाने के लिए दान करें।
प्रशासन का कहना है कि जो खिलौने एक परिवार के लिए अब उपयोगी नहीं हैं, वही किसी दूसरे बच्चे के लिए खुशी, खेल और सीखने का माध्यम बन सकते हैं। इस पहल के जरिए बच्चों में आपसी सहयोग, साझेदारी और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुरानी किताबें भी बन सकती हैं किसी बच्चे की पढ़ाई का सहारा
सेवा संकल्प अभियान के तहत केवल खिलौने ही नहीं, बल्कि उपयोगी पुरानी पुस्तकों के दान के लिए भी नागरिकों को प्रेरित किया जा रहा है। बच्चे जब अगली कक्षा में पहुंच जाते हैं तो उनकी पिछली कक्षा की किताबें अक्सर घर में रखी रह जाती हैं। ऐसी उपयोगी पुस्तकें जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाकर उनकी पढ़ाई में मदद की जा सकती है।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों में अनुपयोगी पड़े खिलौने और पुस्तकें दान करें। आपका छोटा-सा सहयोग किसी बच्चे के लिए खुशी के साथ उसकी शिक्षा और विकास की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।
खिलौना दान रथ को घर बुलाने के लिए संपर्क करें
जो नागरिक अपने घर से खिलौने दान करना चाहते हैं या खिलौना संग्रह रथ को अपने घर बुलाना चाहते हैं, वे मोबाइल नंबर 9340509567 पर संपर्क कर सकते हैं।
एक खिलौना दान करें, एक मुस्कान बांटें : आपका पुराना खिलौना किसी बच्चे की नई खुशी बन सकता है।





