
उत्तरप्रदेश,बीजपुर, 21 जून 2026। एनटीपीसी रिहंद सुपर थर्मल पावर स्टेशन में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। वर्ष 2026 के लिए निर्धारित थीम “आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) के तहत कर्मचारी कल्याण केंद्र परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय असाटी, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (रिहंद) रहे। उनके आगमन पर वर्तिका महिला मंडल की अध्यक्ष सहित उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं और बच्चों के योग समूह द्वारा विभिन्न योग मुद्राओं के आकर्षक प्रदर्शन से हुई, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर आमंत्रित योग प्रशिक्षक ने प्रतिभागियों को योग के महत्व से अवगत कराया तथा सामूहिक योगाभ्यास कराया। शिविर में विभिन्न योगासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम सहित कई स्वास्थ्यवर्धक अभ्यास कराए गए, जिनमें कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य अतिथि संजय असाटी ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की विश्व को दी गई एक अमूल्य धरोहर है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और संतुलित जीवनशैली का भी आधार है। उन्होंने सभी से दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वर्तिका महिला मंडल की अध्यक्ष नीलू असाटी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) प्रणय कुमार नायक, विभिन्न विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, एनटीपीसी कर्मचारी तथा उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया और स्वस्थ जीवनशैली के लिए नियमित योग करने का संदेश दिया गया।




