
सक्ती। सक्ती जिले की पुलिस ने 13 वर्षीय बालक की हत्या के सनसनीखेज मामले का 40 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते बालक की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर हत्या में प्रयुक्त रापा भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने प्रेसवार्ता में बताया कि थाना सक्ती में परसदा खुर्द निवासी सौखी कुमार केंवट ने अपने 13 वर्षीय पुत्र कपिल कुमार केंवट के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया कि 8 जुलाई को गांव का युवक हेमंत कुमार केंवट (22 वर्ष) कपिल को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सक्ति डाॅ0 भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदेही हेमंत कुमार केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में वह लगातार बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई लंबी पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब छह-सात महीने पहले उसका हरदा गांव के युवकों से विवाद हुआ था। उसे शक था कि कपिल ने इस घटना की जानकारी अन्य लोगों को दी थी, जिससे वह बालक से नाराज था और बदला लेने की योजना बना रहा था।
8 जुलाई की रात आरोपी कपिल को चोरी का लोहा बेचकर पैसे कमाने का लालच देकर अपने साथ बोर घर ले गया। वहां उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने के लिए खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया तथा पहचान छिपाने की नीयत से मृतक के कपड़ों को दूसरे खेत में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर कार्यपालिक दंडाधिकारी, चिकित्सकीय दल और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव का उत्खनन कराया गया। शव की पहचान कपिल कुमार केंवट के रूप में हुई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रापा और मृतक के कपड़े भी बरामद कर जब्त कर लिए हैं।
पुलिस ने आरोपी हेमंत कुमार केंवट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।




