मध्य प्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की बिक्री के लिए छिपाकर रखने का आरोप, पुलिस ने 70.02 लीटर शराब जब्त की
कोरबा। जिले के पुलिस चौकी कोरबी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर के पास स्थित धान के खेत से मध्य प्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की की 389 नग बोतलें बरामद की हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा 70.02 लीटर बताई गई है।
SDOP कटघोरा विजय सिंह राजपूत ने बताया कि 13 अक्टूबर 2026 को देहात भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अलगाडांड घोसारा निवासी धनसाय उर्फ धन्नू बिंझवार (45 वर्ष), पिता घूरसाय बिंझवार, अपने घर के पास स्थित धान के खेत में बिक्री के उद्देश्य से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखा है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बताए गए स्थान पर तलाशी ली। इस दौरान खेत से मध्य प्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की की 389 नग बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0/026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नीतीश सिंह तथा एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के पर्यवेक्षण में की गई।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, आरक्षक संजय साहू, परमानंद दिवाकर, टंकेश्वर पटेल एवं रोशन पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।





