featuredछत्तीसगढ़

मुआवजा राशि में 49.50 लाख की धोखाधड़ी, एक आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। मुआवजा राशि के नाम पर ग्रामीण से 49 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी के मामले में घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले का दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम तिलाईपाली बिच्छीनारा निवासी अमीर कुमार राठिया की जमीन और मकान एनटीपीसी तलाईपाली कोयला खनन परियोजना के लिए अधिग्रहित किए गए थे। इसके एवज में उन्हें 69 लाख 64 हजार 618 रुपये का मुआवजा मिला था।

शिकायत के मुताबिक गांव के खगेश्वर गुप्ता ने मुआवजा राशि से संबंधित कागजी प्रक्रिया कराने की बात कहकर प्रार्थी की बैंक पासबुक अपने पास रख ली। इसके बाद 8 जून 2026 को वह अपने साथी प्रदीप गुप्ता के साथ प्रार्थी को पंजाब नेशनल बैंक की रायकेरा शाखा ले गया। आरोप है कि बैंक प्रक्रिया के नाम पर प्रार्थी से चेक पर हस्ताक्षर करा लिए गए।

प्रार्थी के अनुसार उसने अपने बच्चों के खातों में 5-5 लाख रुपये जमा कराने की सहमति दी थी, लेकिन चेक के माध्यम से अन्य खातों में कितनी राशि और किसके खाते में भेजी जा रही है, इसकी उसे जानकारी नहीं थी।

बाद में बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। स्टेटमेंट के अनुसार प्रार्थी के खाते से मोतीलाल गुप्ता के खाते में 25 लाख रुपये और जगदीश गुप्ता के खाते में 24 लाख 50 हजार रुपये, यानी कुल 49 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे।

शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 257/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा पंजाब नेशनल बैंक से संबंधित खातों के स्टेटमेंट और अन्य दस्तावेज हासिल किए।

जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने खगेश्वर गुप्ता पिता दनार्दन गुप्ता, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम तिलाईपाली, थाना तमनार, जिला रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी प्रदीप गुप्ता के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे 18 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले का अन्य आरोपी प्रदीप गुप्ता फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

एसएसपी ने की सतर्क रहने की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि बैंक खाते, चेकबुक, पासबुक और अन्य वित्तीय दस्तावेज किसी के भरोसे न छोड़ें। किसी भी दस्तावेज पर बिना पढ़े हस्ताक्षर न करें और बैंक खातों में होने वाले लेन-देन की नियमित निगरानी रखें। संदिग्ध लेन-देन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लोगों की मेहनत की कमाई को धोखाधड़ी के जरिए हड़पने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button