featuredछत्तीसगढ़

अग्निवीर भर्ती में जांजगीर- चांपा जिले के 175 युवा चयनित

अग्निवीर भर्ती में चयनित युवाओं का सम्मान समारोह का हुआ आयोजन

कलेक्टर ने चयनित युवाओं को किया सम्मानित

जांजगीर-चांपा, 20 जून 2026। भारतीय थलसेना अग्निवीर भर्ती के लिए मई-जून 2025 में आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) एवं इसके पश्चात आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षण में जांजगीर-चांपा जिले के युवाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। जिले से कुल 175 युवाओं का अंतिम रूप से अग्निवीर थलसेना में चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर चयनित युवाओं के सम्मान में आकांक्षा आवासीय विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां कलेक्टर  जन्मेजय महोबे ने सभी चयनित युवाओं को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी  सुब्रत प्रधान ने बताया कि सीईई परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण 10 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक धमतरी में आयोजित किया गया था। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले के अधिक से अधिक युवाओं को सेना भर्ती में सफलता दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल करते हुए भूतपूर्व सैनिक संघ के सहयोग से 09 सितंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक आवासीय शारीरिक प्रशिक्षण शिविर संचालित किया गया था। प्रशिक्षण शिविर में युवाओं को सेना भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के अनुरूप नियमित अभ्यास कराया गया। प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 9 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 7 बजे तक दौड़, बीम, बैलेंसिंग बीम, लंबी कूद, गड्ढा कूद, ऊंचाई मापन सहित विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। भूतपूर्व सैनिक संघ के अनुभवी सदस्यों द्वारा युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं फिटनेस के प्रति भी प्रेरित किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम सामने आया 112 युवा अग्निवीर भर्ती में सफल हुए।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री महोबे ने चयनित युवाओं एवं उनके परिजनों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले के युवाओं ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि सैनिक देश की शक्ति और सुरक्षा के आधार स्तंभ होते हैं तथा राष्ट्र सेवा से बड़ा कोई कार्य नहीं है। कलेक्टर ने कहा कि आप सभी देश की सेवा के लिए एक गौरवपूर्ण जिम्मेदारी निभाने जा रहे हैं। आपने देश सेवा का मार्ग चुनकर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने चयनित युवाओं से प्रशिक्षण शिविर के संबंध में फीडबैक भी लिया तथा भविष्य में प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए। कलेक्टर ने विश्वास व्यक्त किया कि चयनित युवा अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करते हुए देश, प्रदेश और जिले का नाम रोशन करेंगे तथा अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक संघ के सदस्य एवं अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button