छत्तीसगढ़

जिले में हर घर तिरंगा अभियान का हो रहा क्रियान्वयन

स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान आज विभिन्न स्थानों में तिरंगा यात्राएं एवं तिरंगा रैलियों का हुआ आयोजन

लोगों को अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए किया गया प्रेरित

गरियाबंद 09 अगस्त 2024/ आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत जिले में आज से हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन शुरू हो गया है।। इसके तहत 15 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह का आयोजन कर विविध गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत सभी नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज अपने घर पर फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी तारतम्य में आज जिले के विभिन्न स्थानों में तिरंगा यात्राएं एवं तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया। इसमें सभी वर्ग के लोगों ने सहर्ष भाग लिए। गरियाबंद शहर में जनपद पंचायत कार्यालय से ग्राम पंचायत मजरकट्टा तक तिरंगा रैली निकाली गई। इस दौरान आम नागरिक, युवा एवं अधिकारी कर्मचारियों ने मोटर साइकिलों में तिरंगा झंडा लेकर जय हिंद के नारे के साथ आजादी के पलों को याद किया। साथ ही लोगों को देशभक्ति की भावना के साथ अपने घरों में तिरंगा लगाने को प्रेरित किया।  इस दौरान  एसडीएम  विशाल महाराणा, जनपद अध्यक्ष लालिमा ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष  प्रवीण यादव एवं जनपद सीईओ अमजद जाफरी ने लोगों को तिरंगा शपथ भी दिलाया।

इसी प्रकार नगर पंचायत राजिम में आम नागरिकों ने तिरंगे का मान हमेशा ऊंचा रखने की शपथ ली। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय देवभोग में स्कूली छात्राओं ने तिरंगा रैली निकालकर लोगों को प्रेरित किया। दूरस्थ क्षेत्र मैनपुर के ग्राम पंचायत बिरीघाट के ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत भवन में एकजुट होकर तिरंगा झंडा लहराकर देशभक्ति का जज्बा दिखाया। इसी प्रकार विकासखंड फिंगेश्वर के ग्राम भेंड्री, पसौद, श्यामनगर एवं पतोरा के ग्रामीणों  एवं महिलाओं ने भी तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को अपने घरों में तिरंगा लगाने को प्रेरित किया। इसके अलावा छुरा के विभिन्न गांवों में भी तिरंगा सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

उल्लेखनीय है कि 15 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा’’ अभियान से नई पीढ़ी के साथ-साथ सभी लोगों में राष्ट्रीय भावना जगेगी और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गौरव और सम्मान भी बढ़ेगा। स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान जिले में तिरंगा यात्राएं, तिरंगा रैलियां, तिरंगा दौड़ और मैराथन जैसे अनेक देश-भक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तिरंगा अभियान में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान तिरंगा प्रतिज्ञा ली जाएगी। कलेक्टर श्री दीपक अग्रवाल ने स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान ‘‘हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम को गंभीरता पूर्वक क्रियान्वित करने तथा लोगों को अपने घरों में तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए है। साथ ही इन कार्यक्रमों में जिले के अंतर्गत सार्वजनिक उपक्रमों, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को भी कहा है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button