कोरबाछत्तीसगढ़

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 76वां गणतंत्र दिवस

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया ध्वजारोहण

शहीदों के परिजनों को किया गया सम्मानित

आकर्षक मार्च पास्ट सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन

कोरबा 26 जनवरी 2025/कोरबा जिला मुख्यालय में आज 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कोरबा के सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि आवासन एवं शहरी कार्य केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू उपस्थित थे। श्री साहू ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का छत्तीसगढ़ वासियों के नाम संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर अनेकता में एकता के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े गये। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के शहीदों के परिजनों को शॉल, श्रीफल भेंट कर विशेष सम्मान किया गया और वीर सेनानियों की शहादत के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
मुख्य कार्यक्रम में परेड कमांडर सुबेदार अनंत राम पैंकरा के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्रबल, जिला पुलिस बल पुरूष, छत्तीसगढ़ नगर सेना महिला, छत्तीसगढ़ नगर सेना पुरूष, एनसीसी पुरूष और एनसीसी महिला, स्काउट-गाईड की टीम ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। हर्ष फायर कर पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन बजाई गई।
परेड में जिला पुलिस बल को मिला प्रथम स्थान – मार्च पास्ट में आठ टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रोफेशनल वर्ग में जिला पुलिस बल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, द्वितीय तथा जिला पुलिस बल महिला को तृतीय स्थान मिला। सांत्वना पुरस्कार नगर सेना को दिया गया। परेड नॉन प्रोफेशनल वर्ग में प्रथम स्थान एनसीसी सीनियर डिवीजन महिला, द्वितीय स्थान एनसीसी सीनियर डिवीजन पुरूष और तृतीय स्थान स्काउट गाइड सीनियर डिवीजन, स्काउट दल सीनियर डिवीजन की टीम को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिव्य ज्योति विशेष विद्यालय रामपुर को मिला प्रथम पुरस्कार- गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल में समा बांध दिया। दिव्य ज्योति विषेश विद्यालय रामपुर कोरबा को प्रथम स्थान, सेंट जेवियर स्कूल कोरबा को द्वितीय स्थान, न्यू एरा विद्यालय को तृतीय पुरस्कार और सेंट पैलोटी विद्यालय को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
झांकी में आदिवासी विकास विभाग रहा प्रथम – गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में आज 14 शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। आदिवासी विकास विभाग की झांकी को प्रथम स्थान, महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकी को द्वितीय स्थान, स्वास्थ्य विभाग की झांकी को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। शिक्षा विभाग की झांकी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी- कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्वर्गीय प्रदीप महतो के द्वारा देहदान दिये जाने पर उनके परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय पेंटिंग में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सुश्री अनुष्का को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर अजीत वसंत, एसपी सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  दिनेश कुमार नाग सहित जिला तथा पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं आम जनता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button