कोरबाछत्तीसगढ़

प्रशिक्षण कार्यक्रम से लौटते ही जनसमस्याओं की सुध ली आयुक्त ने

आमजन की समस्याओं व समयसीमा के प्रकरणों के निराकरण हेतु तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के अधिकारियों को दिए निर्देश

निगम कार्यालय साकेत में ली अधिकारियों की बैठक, आमजनता की समस्याओं से जुडे़ प्रकरणों के निराकरण व विभागीय कार्यो की कार्यप्रगति की विस्तार से समीक्षा की

कोरबा 17 जून 2025। प्रशिक्षण कार्यक्रम से लौटते ही जनसमस्याओं की सुध लेते हुए आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम के जोन कमिश्नरों व अधिकारियों को कडे़ दिशा निर्देश देते हुए कहा कि आमजनता की समस्याओं व समयसीमा के प्रकरणों के निराकरण हेतु तत्काल प्रभावी व परिणाममूलक कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए प्रकरणों का निराकरण कराएं। उन्होने कहा कि आमजन की समस्याओं से जुडे़ प्रकरण एक समयसीमा के पश्चात भी लंबित रहें, यह कदापि स्वीकार्य नहीं किया जाएगा, इस पर लापरवाही व उदासीनता परिलक्षित होने पर जबावदारी तय कर संबंधित पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
अपनी चिर-परिचित कार्यशैली के अनुरूप आयुक्त आशुतोष पाण्डेय आई.ए.एस. प्रशिक्षण कार्यक्रम से लौटने के तुरंत बाद आमजनता की समस्याओं से जुड़े विषयों की सुध ली तथा लंबित प्रकरणों के तत्काल निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। आई.ए.एस. प्रशिक्षण पूरा कर लगभग डेढ़ माह के अंतराल के बाद साकेत भवन पहुंचे आयुक्त श्री पाण्डेय ने आज निगम के अधिकारियों व जोन कमिश्नरों की बैठक लेकर जनसमस्याओं से जुडे़ प्रकरणों, आवेदनों, समयसीमा के प्रकरणों, जनचौपाल, पी.जी.एन. प्रकरण, पी.एम.ओ.पी.जी. से जुडे़ प्रकरणों के निराकरण, उन पर की गई कार्यवाही व लंबित प्रकरणों की स्थिति की बिन्दुवार समीक्षा की। आयुक्त श्री पाण्डेय ने समयसीमा व्यतीत हो जाने के बाद भी लंबित प्रकरणों पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए इन पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही करने व जनसमस्याओं से जुडे़ प्रकरणों का त्वरित रूप से संतुष्टिपूर्ण निराकरण किए जाने के कडे़ निर्देश जोन कमिश्नरों व प्रभारी अधिकारियों को दिए।

नालों की सफाई व बरसाती पानी निकासी व्यवस्था की समीक्षा

आयुक्त श्री पाण्डेय ने निगम क्षेत्र में स्थित बडे़ नालों की सफाई कार्य की कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यो में तेज गति लाकर सफाई कार्यो को अंतिम रूप देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होने कहा कि मानसून का आगमन लगभग होने ही वाला है, अतः बरसाती पानी की सुगम निकासी हेतु सभी बडे़ व छोटे नालों तथा नालियों की सम्पूर्ण रूप से सफाई अनिवार्य है। उन्होने कहा कि निगम क्षेत्र में स्थित लगभग 71 किलोमीटर लंबे 40 बडे़ नालों व अन्य छोटे नालों की सफाई का कार्य एक बार पूर्ण होने के पश्चात इन नालों की स्वच्छता पर सतर्क नजर रखें तथा इस दौरान जहॉं कहीं पर भी कचरे का जमाव व पानी के बहाव में अवरोध होना दिखें, उस अवरोध को तत्काल दूर कराएं, ताकि बरसाती पानी की निकासी सुगम रूप से हों एवं कहीं पर भी जल भराव की स्थिति पैदा न हों।

अतिवृष्टि-बाढ़ से निपटने, तैयारी रखें

आयुक्त श्री पाण्डेय ने निगम के सभी जोन कमिश्नर्स व मैदानी अधिकारी कर्मचारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के दौरान अतिवृष्टि व बाढ़ आदि की परिस्थितियों से निपटने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अभी से सुनिश्चित कर लें, निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में सेल्टर केन्द्रों का चिन्हांकन कर वहॉं पर प्रारंभिक तैयारियॉं पूर्ण कराएं ताकि आपात स्थिति में अतिवर्षा व बाढ़ से प्रभावित लोगों को इन सेल्टर केन्द्रों में सुविधाजनक रूप से रखा जा सके। उन्होने कहा कि नदी, नालों के किनारे अतिक्रमण पर नजर रखें तथा आवश्यकतानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित कराएं।

शहर की व्यवस्थाओं पर फोकस

बैठक के दौरान आयुक्त श्री पाण्डेय ने शहर की विभिन्न व्यवस्थाओं पर फोकस करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमण अवैध कब्जे पर कड़ी नजर रखें तथा कहीं पर भी नया अतिक्रमण व अवैध कब्जा न हो, इस हेतु तत्परतापूर्वक कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। उन्होने कहा कि सड़क के किनारे फुटपाथ व पार्किंग एरियाज में अवैध कब्जा करने, दुकानों के सामने सड़क पर विक्रय सामग्री रखने से आवागमन प्रभावित होता है, व्यवस्थाएं बिगड़ती हैं, आमजन को असुविधा होती है, अतः इस दिशा में सजग रहकर कार्य करें और व्यवस्थाओं को सुधारे। उन्होने आसन्न वर्षा ऋतु को देखते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

विकास कार्यो की कार्यप्रगति की समीक्षा

आयुक्त श्री पाण्डेय ने बैठक के दौरान निगम के विभिन्न विकास व निर्माण कार्यो की कार्यप्रगति की समीक्षा की, उन्होने जोनवार व मदवार निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुए निगम के जोन कमिश्नरों व अभियंताओं को निर्देश दिए कि विकास कार्यो की कार्यप्रगति में आवश्यक तेजी लाएं, जो कार्य स्वीकृत हैं, उनकी निविदा आदि की कार्यवाही शीघ्रता से करें तथा जिन कार्यो की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हे कार्यादेश देकर कार्यो को प्रारंभ कराएं तथा प्रगतिरत विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हों, निर्माण कार्य गुणवत्तायुक्त हों, यह अंतिम रूप से सुनिश्चित करें।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आयोजन पर चर्चा

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन पर अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि 21 जून को ’’ योगा संगम ’’ एवं ’’ हरित योग ’’ की थीम पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जाना हैं। 21 जून 2025 को प्रातः 07 बजे से 08 बजे तक आयोजित होने जा रहे उक्त आयोजन के नोडल अधिकारी का दायित्व आयुक्त नगर पालिक निगम कोरबा को सौपा गया है, साथ ही निगम को भी विभिन्न दायित्व दिए गए हैं, अतः आयोजन हेतु सौपे गए दायित्वों के संबंध में सभी आवश्यक कार्यवाहियॉं सुनिश्चित कराएं तथा निगम के अधिकारी कर्मचारी उक्त आयोजन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
बैठक के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभिंयता सुरेश बरूवा, उपायुक्त द्वय बी.पी.त्रिवेदी एवं पवन वर्मा, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, विनोद शांडिल्य, तपन तिवारी, अखिलेश शुक्ला, एन.के.नाथ, प्रकाश चन्द्रा, राकेश मसीह, लेखाधिकारी भवकात नायक, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, राजस्व अधिकारी अनिरूद्ध सिंह, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, गोयल सिंह विमल, विवेक रिछारिया, उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर, लीलाम्बर यादव, अनवर अली आदि के साथ अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button