छत्तीसगढ़

दानवीर भामाशाह सम्मान 2025 के लिए आवेदन आमंत्रित, अंतिम तिथि 21 सितंबर तक

एमसीबी/छत्तीसगढ़ शासन समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष राज्योत्सव के अवसर पर दानशीलता, सौहार्द्र एवं अनुकरणीय सहायता प्रदान करने वाले उत्कृष्ट व्यक्ति अथवा संस्था को दानवीर भामाशाह सम्मान से अलंकृत किया जाता है। इस सम्मान के अंतर्गत चयनित व्यक्ति या संस्था को एक लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान करने का प्रावधान है। इस वर्ष भी दानवीर भामाशाह सम्मान 2025 हेतु उत्कृष्ट व्यक्तियों और संस्थाओं से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। इसके लिए राज्य स्तर पर विज्ञापन 4 सितंबर 2025 को हरिभूमि बिलासपुर, नवभारत रायपुर और दैनिक भास्कर रायपुर जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित किया गया है। इसके अतिरिक्त विभागीय वेबसाइट sw.cg.gov.in पर भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में जिला स्तर पर प्रविष्टियों के आमंत्रण की सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्था अपने प्रस्ताव 21 सितंबर 2025 तक संबंधित जिले के संयुक्त, उप या सहायक संचालक समाज कल्याण जिला कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके बाद प्राप्त सभी प्रविष्टियों को जिला कलेक्टर की अनुशंसा सहित 30 सितंबर 2025 से पूर्व संचालनालय को अनिवार्य रूप से प्रेषित करना होगा।
प्रविष्टियों हेतु निर्धारित अपेक्षाओं के अनुसार व्यक्ति अथवा संस्था का पूर्ण परिचय उपलब्ध कराना आवश्यक है। प्रस्तावित व्यक्ति या संस्था छत्तीसगढ़ में निवासरत या कार्यरत होनी चाहिए। उनके द्वारा किए गए कार्य उत्कृष्ट हों और वर्तमान में भी वे निरंतर सक्रिय हों। ज्यूरी के सदस्यों की प्रविष्टियां मान्य नहीं होंगी। दानशीलता और राष्ट्रीयता के क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करना होगा। यदि अन्य पुरस्कार प्राप्त किए गए हों तो उनका उल्लेख भी आवश्यक है। उत्कृष्ट कार्यों के संबंध में प्रख्यात व्यक्तियों या पत्र-पत्रिकाओं द्वारा की गई टिप्पणियां तथा प्रकाशन प्रस्तुत किए जाने चाहिए। इसके साथ ही प्रस्तावित व्यक्ति अथवा संस्था के निरंतर क्रियाशील एवं निर्विवाद होने की पुष्टि जिला कलेक्टर की अनुशंसा द्वारा आवश्यक होगी। चयनित उम्मीदवार को पुरस्कार ग्रहण करने की लिखित सहमति प्रदान करनी होगी और तीन पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ भी संलग्न करना अनिवार्य है।
समाज कल्याण विभाग की इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य समाज में दानशीलता, सौहार्द्र और सेवा भावना को सम्मानित करना तथा अनुकरणीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करना है। इससे समाज सेवा की संस्कृति को नई दिशा मिलेगी और अन्य लोग भी प्रेरित होकर सहयोग, दानशीलता एवं सेवा भाव से समाज निर्माण की दिशा में आगे बढ़ेंगे। छत्तीसगढ़ राज्य में यह सम्मान एक प्रेरणादायी परंपरा बन चुका है जो हर वर्ष उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें सम्मान और गर्व का अवसर प्रदान करता है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button