थाना प्रभारी उप निरीक्षक रश्मि थॉमस ने लोगों से बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील
कोरबा। देश के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को पूरे देश में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर देशवासियों से आह्वान किया है कि वे राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेकर एकता, अखंडता तथा भाईचारे का संदेश दें।
कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत एनटीपीसी आवासीय परिसर स्थित मानसरोवर खेल परिसर में भी इस अवसर पर एकता दौड़ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दर्री थाना प्रभारी उप निरीक्षक रश्मि थॉमस के नेतृत्व में संपन्न होगा। आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है और क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों, छात्रावासों तथा आम नागरिकों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ 31अक्टूबर दिन शुक्रवार को सुबह 7 बजे से किया जाएगा।
थाना प्रभारी रश्मि थॉमस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 31 अक्टूबर की सुबह निर्धारित समय पर अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और एकता के इस उत्सव को सफल बनाएं।
उन्होंने कहा “आइए, हम सब मिलकर सरदार पटेल के अखंड भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एकजुटता की भावना का प्रदर्शन करें और राष्ट्रीय एकता दिवस को गौरवपूर्ण बनाएं।” राष्ट्रीय एकता दिवस का यह आयोजन न केवल सरदार पटेल के प्रति श्रद्धांजलि है, बल्कि यह देश की विविधता में एकता के संदेश को और मजबूत करने का माध्यम भी बनेगा।



