
हितग्राहियों के बैंक खातों में सीधे राशि की गई अंतरित
कोरबा।नगर पालिका बांकीमोंगरा क्षेत्र के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 25 पात्र हितग्राहियों को प्रथम किश्त की राशि का भुगतान किया जा चुका है, प्रथम किश्त की यह राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खाते में अंतरित कर दी गई है।
भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना प्रधानमंत्री आवास योजना का सफल क्रियान्वयन नगर पालिका बांकीमोंगरा क्षेत्रांतर्गत किया जा रहा है, इसके तहत पात्र हितग्राहियों का चयन कर इन हितग्राहियों को सुविधायुक्त पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य पालिका द्वारा किए जा रहे हैं तथा छत्तीसगढ़ सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार हितग्राहियों को समय पर राशि का भुगतान हों, यह भी सुनिश्चित कराया जा रहा है। इसी कड़ी में बांकीमोंगरा नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 25 पात्र हितग्राहियों को प्रथम किश्त की राशि का भुगतान वर्तमान कर दिया गया है तथा यह राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की गई है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा इन हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराते हुए समयसीमा में आवास निर्माण का कार्य पूरा करा लें ताकि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उन्हें त्वरित रूप से प्राप्त हो सके, साथ ही यदि वे निर्धारित समयसीमा 18 माह की अवधि के अंदर अपने आवास का निर्माण कार्य पूरा करते हैं, तो उन्हें राज्य सरकार की ओर से 32850 रूपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी प्राप्त हो सकेगी। अतः वे उक्त समयावधि के अंदर आवास निर्माण का कार्य पूरा कराएं ताकि राज्य सरकार की इस अनोखी योजना का लाभ भी उन्हें प्राप्त हो सके।



