
कोरबा जिले को मिला साइबर थाना, सीएम विष्णु देव साय ने साइबर फ्रॉड से निपटने की दिशा में जिले को दी बड़ी सौगात
कोरबा, 28 जनवरी 2026/साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से प्रदेश के 8 नवीन साइबर पुलिस थानों का वर्चुअल उद्घाटन किया, जिसमें कोरबा जिला भी शामिल है। इस अवसर पर पुलिस हाउसिंग बोर्ड अंतर्गत महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भी वर्चुअली लोकार्पण किया गया।
पुलिस मुख्यालय नया रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, एसीएस (होम) मनोज पिंगुआ तथा पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा जिले में साइबर थाना स्थापित किया गया है जिसका आज उन्होंने वर्चुअल उद्घाटन किया। जिसमें साइबर थाना प्रभारी की नियुक्ति के साथ प्रशिक्षित स्टाफ पदस्थ किए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार भविष्य में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अज्ञानता और लालच की वजह से ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड एवं डिजिटल अपराध वर्तमान समय की गंभीर चुनौती बन चुके हैं, ऐसे में साइबर थाना स्थापित होने से अपराधों की विवेचना में तेजी आएगी तथा पीड़ितों को शीघ्र राहत एवं न्याय मिल सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा साइबर फ्रॉड से जुड़े अनुभव साझा किए गए तथा नागरिकों को सतर्क रहने, डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने एवं साइबर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में नगर विधायक एवं केबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन,महापौर संजूदेवी राजपूत,जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह,पार्षद नरेंद्र देवांगन,अशोक चावलानी, लक्ष्मण श्रीवास,कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले,नीतीश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी,विमल कुमार पाठक,आरआई अनथ राम पैकरा, मीडिया प्रतिनिधि, साइबर थाना का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी साइबर अपराध की सूचना तत्काल साइबर थाना अथवा पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान से बचा जा सके।



