
डीपीओ अजय शर्मा, डीसीपीओ चंद्रशेखर यादव सहित आईसीपीएस टीम ने ‘बाल विवाह मुक्त भारत रथ’ में किए हस्ताक्षर

जशपुरनगर 20 फरवरी 2026/ जशपुर जिले को सामाजिक बुराइयों से मुक्त कर आदर्श जिला बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। बाल विवाह उन्मूलन हेतु संचालित 100 दिवसीय राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय शर्मा (डीपीओ), जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री चंद्रशेखर यादव (डीसीपीओ) सहित आईसीपीएस की टीम ने बाल विवाह मुक्त भारत रथ में हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपना समर्थन और संकल्प व्यक्त किया। यह अभियान सेंटर फॉर पावर्टी एलिविएशन एंड सोशल रिसर्च तथा जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता फैलाना और बच्चों के सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य को सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत बाल विवाह मुक्त भारत रथ जिले के गांव-गांव जाकर आम नागरिकों को जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों—विशेषकर बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव—के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों को कानून, संरक्षण प्रावधानों एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय शर्मा ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है। इसे समाप्त करने के लिए प्रशासन और समाज दोनों की सहभागिता आवश्यक है। डीसीपीओ श्री चंद्रशेखर यादव ने भी सभी ग्रामवासियों से अपील की कि वे बाल विवाह रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं और किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना संबंधित विभाग को दें। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समन्वयक अंजली ताम्रकार, बबीता ताम्रकार एवं अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बाल विवाह के विरुद्ध यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आवश्यकतानुसार विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जशपुर को बाल विवाह मुक्त और सामाजिक रूप से सशक्त जिला बनाया जा सके।



