
कोरबा 05 मार्च 2026। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा निगम क्षेत्र में लगातार स्वच्छता के महाअभियान का संचालन किया जा रहा है। अभियान के छठवें दिवस आज वार्ड क्र. 44 नेहरूनगर बालको एवं वार्ड क्र. 53 चोरभट्ठी दर्री में मेगा स्वच्छता ड्राईव चलाई गई। निगम के अधिकारी इन वार्डो में पहुंचे तथा गली-गली का भ्रमण कर वृहद पैमाने पर किये जा रहे साफ-सफाई कार्यों का सघन निरीक्षण किया। बस्ती की गलियों, नालियों आदि की सम्पूर्ण सफाई किये जाने तथा स्वच्छता कार्य के दौरान उत्सर्जित अपशिष्ट का स्थल से तुरंत उठाव व परिवहन करने को कहा।

महापौर संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 25 फरवरी से स्वच्छता का महा अभियान संचालित किया जा रहा है। महाअभियान के छठवें दिन आज निर्धारित कार्यक्रमानुसार वार्ड व बस्तियों में मेगा स्वच्छता ड्राईव चलाई गई। पांचवें दिन वार्ड क्र. 44 नेहरूनगर बालको एवं वार्ड क्र. 53 चोरभट्ठी दर्री के अंतर्गत आने वाली विभिन्न बस्तियों, मोहल्लों, मुख्य व संपर्क सड़कों, नालियों में मेगा स्वच्छता ड्राईव संचालित कर नाले एवं नालियों के ऊपर से स्लेब हटाकर उनकी सतह से सफाई, सड़क के किनारे जमी हुई धूल, मिट्टी, बर्म, झाड़ियों की सफाई, कचरे का त्वरित उठाव व परिवहन, कीटनाशक दवाओं, ब्लीचिंग पाउण्डर का छिड़काव आदि के कार्य व्यापक पैमाने पर किये गये।
शहर की स्वच्छता में दें सहयोग
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने उक्त वार्ड के रहवासियों के साथ ही समस्त आमजनों से अपील करते हुये कहा कि वे शहर की स्वच्छता में व निगम के स्वच्छता महाअभियान में अपनी सहभागिता व सहयोग दें। उन्होने कहा कि सड़क, नाली व सार्वजनिक स्थान पर कचरा न डालें, गीले व सूखे कचरे को पृथक-पृथक डस्टबिन में संग्रहित करें, प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री, कैरीबैग, डिस्पोजल का उपयोग न करें। आयुक्त श्री पाण्डेय ने निगम क्षेत्र के नागरिकों का आव्हान करते हुये कहा कि हम सब संकल्प लें कि हम न तो गंदगी करेंगे और न ही किसी को करने देंगे, कोरबा शहर को सुंदर शहर बनाने, इसे साफ-सुथरा रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
06 मार्च को इन वार्डो में अभियान

स्वच्छता महाअभियान के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 06 मार्च को वार्ड क. 05 देवांगनपारा व वार्ड क्र. 17 छ.ग.रा.वि.मं. क्र. 01 के विभिन्न बस्तियों, कालोनियों, मुख्य व संपर्क सड़कों आदि में विशेष मेगा स्वच्छता ड्राईव संचालित की जाएगी तथा वृहद साफ-सफाई के कार्य किये जाएंगे।



