
स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्र, आश्रम-छात्रावास, पीएम आवास, पीएम जनमन सड़कों का किया निरीक्षण तथा व्यवस्थाओं का अवलोकन कर दिए आवश्यक निर्देश


पीवीटीजी बसाहट डुमरडूगु में लगी चौपाल, लोगों ने कलेक्टर के समक्ष रखी समस्या, अधिकारियों को जल्द निराकरण के दिए गए निर्देश


अम्बिकापुर 18 मार्च 2026/ कलेक्टर अजीत वसंत ने बुधवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय अग्रवाल के साथ मैनपाट विकासखण्ड का दौरा किया। उन्होंने यहां विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, आश्रम छात्रावास सहित निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से मिले। उन्होंने विकासखण्ड में पीएम जनमन अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों का भी अवलोकन किया। शासकीय योजनाओं का लाभ पीवीटीजी समुदायों तक पहुंच सुनिश्चित करने कलेक्टर श्री वसंत ग्राम कलजीवा के पीवीटीजी बसाहट डुमरडूगु पहुंचे और जनचौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं।
पीवीटीजी पहाड़ी कोरवा बसाहट डुमरडूगु में लोगों से मिले कलेक्टर
कलेक्टर श्री वसंत ग्राम कलजीवा के पीवीटीजी पहाड़ी कोरवा बसाहट डुमरडूगु पहुंचे। उन्होंने लोगों के बीच जन चौपाल लगाकर उनकी समस्या एवं शिकायतों को सुना और विभागीय अधिकारियों को यथाशीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।। उन्होंने यहां स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, आवास, राशन, पेंशन सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को पीएम जनमन योजना के तहत योजनाओं की जानकारी दी तथा योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया। उन्होंने लोगों को अपने आस-पास सफाई रखने, पानी उबालकर पीने कहा। पेयजल की समस्या संज्ञान में आने पर उन्होंने पीएचई विभाग के अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
पहाड़ी कोरवा आश्रम कलजीवा का किया निरीक्षण, देखी व्यवस्था
कलेक्टर श्री वसंत ने पहाड़ी कोरवा आश्रम कलजीवा का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से मिलकर सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में जानकारी ली। उन्होंने शयन कक्ष, आश्रम परिसर, किचन, शौचालयों आदि का अवलोकन कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने यहां बच्चों को सप्ताह में हर बुधवार को खाने में अण्डा दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मण्डल संयोजक को प्रतिमाह कम से कम एक बार अवश्य आश्रम-छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्र मालतीपुर का किया निरीक्षण, रेडी टू ईट के एक्सपायर्ड पैकेट पाए जाने पर सेक्टर सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र मालतीपुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। केन्द्र में बच्चों की उपस्थिति, कुपोषित बच्चों की संख्या व बच्चों को दिए जा रहे पौष्टिक आहार की जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में रेडी टू ईट के एक्सपायर्ड पैकेट पाए गए, जिसपर कलेक्टर श्री वसंत ने सेक्टर सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर यह सुनिश्चित करें कि किसी भी आंगनबाड़ी केंद्र में एक्सपायरी डेट वाले रेडी टू ईट का स्टॉक ना रहे, 3 दिवस में कार्यवाही कर अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि गम्भीर कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर एनआरसी भेजना सुनिश्चित करें।उन्होंने आंगनबाड़ी सहायिका एवं कार्यकर्ता को समय पर केंद्र में उपस्थित रहने एवं बच्चों हेतु समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्रो का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
कलेक्टर श्री वसंत दौरे के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमलेश्वरपुर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नर्मदापुर पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं स्टाफ की उपलब्धता की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्डों का अवलोकन कर स्वास्थ्य केंद्र में चल रहे स्वास्थ्य सुविधाओं, संसाधनों एवं चिकित्सकीय उपकरणों के बारे में जानकारी ली गई।उन्होंने संस्थागत प्रसव में महिलाओं को प्रदान किए जाने वाली 1400 रुपए की सहायता राशि समय पर दिया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि कोई भी प्रकरण लंबित ना रहे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नर्मदापुर में निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में इलेक्टरीफोरेसिस मशीन उपलब्ध कराने निर्देशित किया। वहीं प्रतिमाह जीवनदीप समिति की बैठक आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मरीजों को प्रदाय किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई।



