
कोरबा, 19 मार्च 2026/ कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा दिनेश कुमार नाग ने गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के पीएम श्री विद्यालयों को निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने हेतु नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।




सीईओ श्री नाग ने कहा कि जिले में संचालित 16 पीएम श्री विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में अधोसंरचना विकास, शिक्षण गुणवत्ता, परीक्षाफल में सुधार तथा पीएम श्री योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी संतृप्ति बिंदुओं की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक पीएम श्री विद्यालय का माह में कम से कम दो बार निरीक्षण किया जाए तथा निरीक्षण के दौरान अधोसंरचना, शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के प्रदर्शन की नियमित मॉनीटरिंग की जाए। साथ ही विद्यालयों में आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाते हुए उन्हें आदर्श एवं मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाए।
सीईओ ने सभी अधिकारियों को इस कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ लेते हुए सकारात्मक प्रयास करने के निर्देश दिए, ताकि जिले के पीएम श्री विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के केंद्र बन सकें।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय, डीएमसी समग्र शिक्षा वल्लभ वैष्णव, डीपीओ साक्षरता ज्योति शर्मा सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।



