featuredछत्तीसगढ़

कलेक्टर का बलौदा विकासखंड क्षेत्र में मैराथन दौरा, विकास कार्यों का लिया जायजा

जर्वे ब, जावलपुर, महुदा ब, ढोरला व करमंदा में किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए कड़े दिशा-निर्देश

पीएम आवास, स्कूल, आंगनबाड़ी भवन, चेकडेम, पीडीएस दुकान, मुक्तिधाम सहित विभिन्न कार्याें का किया अवलोकन

जांजगीर-चांपा, 20 मार्च 2026/ कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज विकासखंड बलौदा अंतर्गत मैराथॉन दौरा करते हुए ग्राम जर्वे ब, जावलपुर, महुदा ब, ढोरला व करमंदा में विकास कार्यों का निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ  गोकुल रावटे सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने जर्वे ब में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां प्रतिमाह चावल उत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि हितग्राहियों को समय पर और व्यवस्थित रूप से खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित हो। इस दौरान उन्होंने बीपीएल एवं एपीएल राशन कार्डधारियों की जानकारी ली एवं वितरण प्रणाली की समीक्षा की। कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान को निर्धारित समय पर खोलने, स्टॉक रजिस्टर संधारित करने तथा उठाव और वितरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्माणाधीन पीडीएस भवन का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा और इसे निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीसी रोड निर्माण कार्य का भी निरीक्षण करते हुए मौके पर ही सड़क की मोटाई और चौड़ाई की माप कराई तथा नियमित तराई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कार्य मानक के अनुरूप एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा सभी निर्माण कार्याें से संबंधित बोर्ड अवश्य लगाए।
कलेक्टर ने जावलपुर में महतारी सदन का निरीक्षण करते हुए स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की गतिविधियों को बढ़ाने कहा। उन्होंने महिलाओं की आय वृद्धि एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए समूह आधारित रोजगारमूलक गतिविधियों को विस्तार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने महतारी सदन परिसर में वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव में स्वच्छता अभियान चलाने एवं कचरे का पृथक्करण (गीला एवं सूखा) सुनिश्चित करने तथा उसके वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने जल संचय अभियान के तहत घरों के आसपास, सार्वजनिक भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल परिसरों एवं नाली निकासी बिंदुओं पर अधिक से अधिक सोखता गड्ढा निर्माण कर अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने कहा।
कलेक्टर श्री महोबे ने महुदा ब में शासकीय स्कूल का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं, मिड-डे मील तथा आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने बच्चों से मिड-डे मील के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से पूछा कि भोजन में क्या-क्या मिलता है तथा आचार, पापड़ सहित निर्धारित मीनू का पालन हो रहा है या नहीं। कलेक्टर ने कक्षा में बच्चों से पढ़ाई से संबंधित सवाल भी पूछे। उन्होंने गणित विषय के तहत भाग से जुड़े प्रश्न भाजक, भाज्य एवं शेषफल पूछकर बच्चों की समझ का परीक्षण किया। बच्चों द्वारा सही उत्तर देने पर कलेक्टर ने उनकी सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्देशित किया कि निर्धारित पाठ्यक्रम को समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें और बच्चों की बुनियादी समझ मजबूत करने पर विशेष ध्यान दें। कलेक्टर ने स्कूल की लाइब्रेरी एवं प्रयोगशाला कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लाइब्रेरी में पुस्तकों को विषयवार अलग-अलग रखने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन में सुविधा हो सके। साथ ही उन्होंने लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों को विद्यार्थियों की मांग के अनुसार उपलब्ध कराने कहा।
इसके साथ ही कलेक्टर ने महुदा ब में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बन रहे एवं पूर्ण हो चुके आवासों का निरीक्षण करते हुए मौके पर ही हितग्राहियों से चर्चा की। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, भुगतान की स्थिति और कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित आवासों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराया जाए और निर्माण कार्य पूरी तरह गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो। उन्होंने हितग्राहियों से संवाद कर यह भी जाना कि उन्हें शौचालय एवं नल-जल योजना का लाभ मिल है कि नही। साथ ही सोखता गड्ढा निर्माण करने कहा। कलेक्टर ने ग्राम ढोरला में नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करते हुए एक सप्ताह के भीतर संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने करमंदा में मनरेगा अंतर्गत निर्मित चेकडेम का निरीक्षण कर उसकी उपयोगिता और स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए ताकि किसानों सहित ग्रामवसियों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button