
रायगढ़। छत्तीसगढ़ में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के तमनार ब्लॉक के आमाघाट क्षेत्र में करीब 70 डिसमिल जमीन पर की जा रही अफीम की अवैध खेती जिसका खुलासा खुद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मौके पर जाकर निरीक्षण उपरांत किया। उन्होंने बताया कि पूंजीपथरा और तमनार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी फसल को नष्ट कर दिया और मामले की जांच तेज कर दी है।

SSP ने बताया यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। दूरस्थ और दुर्गम इलाके में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही थी, ताकि पुलिस और प्रशासन की नजर से बचा जा सके लेकिन पुलिस ने मामले में आरोपी मार्शल सांगा पिता मिखाएल सांगा उम्र 40 साल निवासी ग्राम हडमबनम थाना खूंटी, जिला खूंटी (झारखंड) को हिरासत में लिया गया, मामले में एनडीपीएस प्रकिया के तहत कार्यवाही जारी है ।
गौरतलब है कि राज्य में पिछले कुछ दिनों के भीतर दुर्ग और बलरामपुर के बाद यह तीसरा बड़ा मामला सामने आया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
SSP श्री सिंह का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



