
गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पंप डीलर्स को मौजूदा हालात में समस्या के निराकरण हेतु सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा
बालोद, 27 मार्च 2026। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आज जिले के समस्त गैस एजेंसी डीलर्स एवं पेट्रोल पंप डीलर्स की आवश्यक बैठक लेकर मौजूदा वैश्विक हालातों के मद्देनजर बालोद जिले में रसोई गैस एवं डीजल की उपलब्धता एवं आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी डीलर्स से मौजूदा हालात में आम नागरिकों को रसोई गैस, डीजल एवं पेट्रोल की समुचित आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु प्रशासन के साथ आपसी सहभागिता के साथ कार्य करते हुए समस्या के निराकरण हेतु सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने विकासखण्डवार सभी डीलर्स से उनके पास पेट्रोल, डीजल एवं गैस की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति की बारी-बारी से समीक्षा की। कलेक्टर ने मौजूदा हालात में आम जनता को रसोई गैस तथा डीजल एवं पेट्रोल की प्रबंध करने में किसी भी प्रकार की किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए समय पर समुचित स्टाॅक की उलपब्धता एवं आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित खाद्य विभाग के अधिकारियों के अलावा जिले के समस्त गैस एवं पेट्रोल पंप डीलर्स उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने वर्तमान में आम जनता को रसोई गैस, पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु केन्द्र सरकार के द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के संबंध में भी जानकारी दी। इस दौरान खाद्य विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलु गैस सिलेण्डर ग्राहकों का उनके द्वारा पूर्व में प्राप्त गैस सिलेण्डर से 45 दिनों के बाद तथा शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों के बाद आगामी सिलेण्डर्स के लिए बूकिंग किए जाने की जानकारी दी। इसके लिए आम जनता के सहयोग हेतु 0771-2511975 एवं 18002333663 नंबर पर राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना करने की जानकारी दी गई।



