
राजधानी रायपुर के रंग मंच में हुआ था आयोजन




रायपुर। राजधानी में संगीता कला एकेडमी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय नृत्य-संगीत प्रतियोगिता ‘नटरंग’ में कोरबा की इशिता ने कत्थक नृत्य की अद्वितीय प्रस्तुति से ‘कला गौरव रत्न’ सम्मान प्राप्त किया।
आठ दिवसीय महोत्सव में देशभर के चुनिंदा कलाकारों ने हिस्सा लिया, इसी क्रम में इशिता को कत्थक नृत्य की विशेष प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया था जहां इशिता ने अपने गुरु मोरध्वज वैष्णव जी के निर्देशन में देवी स्तुति ‘जै जै जगजननी देवी’ से अपने कथक नृत्य का आरंभ कर रायगढ़ घराने के कठिन बोल परन प्रस्तुत किए। तबले पर गुरु मोरध्वज वैष्णव व हारमोनियम पर कन्हैया दास वैष्णव की संगत रही। अंत में 150 चक्करों की अविरल प्रस्तुति ने निर्णायकों सहित पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया ,इशिता की बोल-बंदिशों पर पकड़ और समर्पण दर्शाता है कि वे शास्त्रीय नृत्य को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस उपलब्धि पर पिता रघुनंदन कश्यप, माता अनीता कश्यप व परिजनों ने हर्ष जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।



