
सुशासन तिहार 2026ः जन शिकायतों के समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए गए निर्देश

मुआवजा प्रकरणों में लापरवाही पर जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई, मैनपाट बॉक्साईड खनन सम्बन्धी मुआवजा प्रकरणों का पारदर्शी तरीके से हो निराकरण- कलेक्टर श्री वसंत

अम्बिकापुर 20 अप्रैल 2026/ कलेक्टर अजीत वसंत ने सोमवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय- सीमा की बैठक ली। उन्होंने मैनपाट में बॉक्साईड खनन के सम्बन्ध में मुआवजा प्रकरणों की जानकारी ली तथा कहा कि लापरवाही पर जिम्मेदारों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मुआवजा प्रकरणों में पारदर्शिता रखने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने जनगणना 2026 के कार्यों की जानकारी ली तथा कहा कि स्व गणना हेतु लोगों को प्रेरित करें। उन्होंने खेल अधिकारी को खेल सुविधाओं के विकास के सम्बन्ध में अधोसंरचना निर्माण हेतु चिन्हांकित खेलों हेतु आवश्यक एस्टिमेट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वसंत ने बैठक में वनाधिकार पट्टों के नामांतरण के विशेष प्रकरणों के निराकरण की जानकारी ली तथा गम्भीरता के साथ जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित करने निर्देशित किया। उन्होंने जाति प्रमाणपत्र निर्माण में प्रगति की समीक्षा करते हुए मई माह तक शत-प्रतिशत निर्माण पूर्ण करने कहा। उन्होंने जिले में लंबित पीजी पोर्टल, सीएम जनदर्शन के प्रकरणों के जल्द निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई तथा समय सीमा में लंबित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाने निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, राम सिंह ठाकुर, सर्व एसडीएम एवं विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार 2026ः जन शिकायतों के समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए गए निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार विगत वर्ष को भांति इस वर्ष भी सुशासन तिहार का आयोजन किया जाना है। उन्होंने सभी विभागों को 30 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाकर जिले में लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व सम्बन्धी शिकायतों का जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित करें, मुख्य रूप से विवादित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण हो जाए। उन्होंने कहा कि जिले में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन 1 मई से 10 जून तक किया जाएगा। शिविर हेतु नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है, शिविरों हेतु समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। सभी जिला स्तरीय अधिकारी शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे और विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजनों को प्रदान करें, पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों का शासन के नियमों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, आवेदनों का संधारण अच्छे से हो। शिविरों के आयोजन से पूर्व प्रचार-प्रसार करें, इसकी जानकारी पूर्व में ही लोगों को हो जाए। उन्होंने कहा शिविरों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करें।



