
सभी औद्योगिक प्रतिष्ठान एवं पावर प्लांट सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से करें पालन : कलेक्टर
हादसे एवं दुर्घटना न हो इसके लिए सभी औद्योगिक प्रतिष्ठान रखें आवश्यक सावधानी एवं सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था
सुरक्षा मानकों की समीक्षा और आपातकालीन तैयारियों को लेकर दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा, 21 अप्रैल 2026/ कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने आज अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह, जांजगीर चांपा के सभाकक्ष में जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों की बैठक ली। कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि सभी औद्योगिक प्रतिष्ठान एवं पावर प्लांट सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रमिकों की सुरक्षा के लिए मापदण्डों के अनुरूप सभी आवश्यक उपकरण एवं मशीन की व्यवस्था होनी चाहिए। हादसे एवं दुर्घटना न हो इसके के लिए सभी औद्योगिक प्रतिष्ठान आवश्यक सावधानी एवं सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था रखेंगे। उन्होंने अग्निशामक यंत्र, फायर अलार्म, मशीनों का उचित संचालन, उपकरण, रखरखाव, बायलर, सीसीटीवी कैमरा, सुरक्षा मापदण्ड के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं पावर प्लांट में तकनीकी प्रक्रियाओं एवं कार्यों का सतत निरीक्षण के निर्देश दिए ।
कलेक्टर ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि दुर्घटना की आशंका वाले सभी मशीनों एवं उपकरणों की समय-समय पर अधिकृत रेगुलेटरी एजेंसियों द्वारा अनिवार्य रूप से जांच कराई जाए, ताकि तकनीकी खामियों को समय रहते दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी औद्योगिक दुर्घटना की स्थिति में प्रभावित व्यक्तियों को ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर समुचित उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए उद्योग प्रबंधन द्वारा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, एंबुलेंस और प्रशिक्षित प्राथमिक उपचार दल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक उद्योग में आपदा प्रबंधन प्रोटोकॉल तैयार कर कर्मचारियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सके।कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभागों की संयुक्त समिति गठित कर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाए तथा संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित के निर्देश दिए।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती पाल ने कहा कि उद्योगों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित की जाए। साथ ही प्रत्येक प्लांट में क्विक रिस्पांस टीम का गठन किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी इकाइयों में इमरजेंसी एग्जिट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ,एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान सहित उद्योग पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



