
नवागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, HDFC बैंक शाखा में खुलवाए गए थे 6 म्यूल अकाउंट, 4 आरोपी अब भी फरार
जांजगीर-चांपा,23 अप्रैल 2026।जिले में साइबर अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नवागढ़ पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी को अंजाम देता था। मामले में बैंककर्मी और दुकानदार सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 4 अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
जांच में सामने आया कि HDFC Bank की राछाभाठा शाखा में फर्जी दस्तावेजों के जरिए 6 बैंक खाते खुलवाए गए थे। इन खातों में वर्ष 2023 और 2024 के दौरान साइबर ठगी से प्राप्त 20,40,244 रुपये जमा किए गए।
पूछताछ में आरोपी ननकी गौड़ ने बताया कि गिरोह भोले-भाले लोगों को पैसे का लालच देकर उनके आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज लेता था। इसके बाद फर्जी तरीके से बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इन खातों में ठगी की रकम मंगवाई जाती और बाद में कमीशन पर निकाली जाती थी।इस पूरे नेटवर्क में बैंक के अंदर से मिलीभगत भी सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपी
1. ननकी गौड़ (25 वर्ष) – खाताधारक
2. गौतम देवांगन (cyber fraud accused) (21 वर्ष) – खाताधारक
3. टीकाराम श्रीवास (29 वर्ष) – बैंककर्मी
4. राजेश्वर साहू (31 वर्ष) – दुकानदार
पुलिस की कार्यवाही
यह कार्रवाई निवेदिता पाल (प्रभारी पुलिस अधीक्षक) के निर्देशन और उमेश कुमार कश्यप अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई।
नवागढ़ थाना प्रभारी कमलेश सेंडे और उनकी टीम ने मामले की गहन जांच कर इस गिरोह का खुलासा किया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी लालच में आकर अपने बैंक दस्तावेज, आधार कार्ड या खाते की जानकारी किसी को न दें। म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं।



