
रायगढ़,25 अप्रैल 2026।जिला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत सख्त कार्रवाई जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना पूंजीपथरा और पुसौर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
आई 20 कार में गांजा बेचने पहुंचे तस्कर गिरफ्तार
थाना पूंजीपथरा क्षेत्र में 23 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम तुमीडीह महुआ चौक पठान कॉलोनी के पास दबिश दी। यहां I20 कार में सवार कुछ लोग गांजा बेचने की फिराक में थे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों—खिरोधर यादव (जिला जशपुर) और पुरुषोत्तम यादव (ग्राम तुमीडीह) को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी कार लेकर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 2.728 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 24,500 रुपये) और 5,000 रुपये नगद बरामद किए गए। कुल 29,500 रुपये की जब्ती की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुसौर में बुजुर्ग आरोपी रंगे हाथ पकड़ा गया

इसी अभियान के तहत 25 अप्रैल को थाना पुसौर पुलिस ने ग्राम औरदा डीपापारा चौक में कार्रवाई करते हुए 71 वर्षीय साधराम सिदार को गांजा बेचने के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 745 ग्राम गांजा (कीमत 7,450 रुपये) बरामद किया गया। उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
थाना पूंजीपथरा मामले में फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



