
जांजगीर-चांपा ।जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपने ही पिता और भाई के साथ मारपीट की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रार्थी राजेश कुमार, निवासी ग्राम बाना, थाना अकलतरा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिनेश कुमार बघेल (22 वर्ष) अपने पिता रामखिलावन बघेल और परिवार से शराब के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और घर के सामानों को नुकसान पहुंचाया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 231/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) और 119(1) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भास्कर शर्मा और प्रधान आरक्षक शरीफ खान की विशेष भूमिका रही।



