
रायगढ़। “ऑपरेशन तलाश” अभियान के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने वाहन रजिस्ट्रेशन के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले फरार आरोपी को जगदलपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कृष्णा वाटिका बोईसदादर निवासी व्यवसायी राकेश कुमार नागवानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2021 में उसने विभिन्न फाइनेंस कंपनियों की नीलामी से करीब 50 वाहन, कार, ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन खरीदी थी। पुराने BS-4 मॉडल वाहनों के दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर आरोपी अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई और उसके साथी विपिन साहू ने खुद को आरटीओ एजेंट बताकर लाखों रुपए ऐंठ लिए।
शिकायतकर्ता ने आरोपियों के कहने पर अलग-अलग माध्यमों से करीब 6 लाख 93 हजार रुपए ट्रांसफर किए। बाद में आरोपियों ने कुछ दस्तावेज दिए, लेकिन जांच में पता चला कि वाहन प्रार्थी के नाम पर पंजीकृत ही नहीं थे। मामले की जांच के बाद थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 331/2025 धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शिकायत के बाद आरोपी ने रकम लौटाने के नाम पर दो चेक दिए थे, जिनमें एक बाउंस हो गया जबकि दूसरा गलत जानकारी के आधार पर जारी किया गया था।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा की टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर जगदलपुर में दबिश दी और आरोपी अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई पिता चन्द्रशेखर पिल्लई को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया।
पुलिस टीम में निरीक्षक राकेश मिश्रा, एएसआई भागीरथी चौधरी और थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराध कर फरार होने वाले आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।



