
जरूरतमंद मरीजों को राहत पहुंचाने आगे आए समाजसेवक नरेंद्र साहू

कोरबा,कटघोरा।क्षेत्र में जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सहायता के लिए समाजसेवक नरेंद्र साहू ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। अब मरीजों और उनके परिजनों को एम्बुलेंस सेवा के लिए भारी शुल्क नहीं चुकाना पड़ेगा। नरेंद्र साहू द्वारा शुरू की गई इस सेवा के तहत केवल ईंधन खर्च पर एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जा रही है।

इस पहल का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी मरीज को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े। अक्सर देखा जाता है कि अस्पताल तक पहुंचने के लिए एम्बुलेंस का अधिक किराया लोगों के लिए बड़ी समस्या बन जाता है। ऐसे में कटघोरा निवासी नरेंद्र साहू की यह पहल लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।

समाजसेवी नरेंद्र साहू ने बताया कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और जरूरतमंदों की मदद करना उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि कई बार गरीब परिवार केवल पैसों की कमी के कारण मरीज को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचा पाते, जिससे स्थिति गंभीर हो जाती है। इसी सोच के साथ उन्होंने यह सेवा शुरू की है।इस सराहनीय कार्य को करने में इनकी धर्मपत्नी आरती नरेंद्र साहू इन्हें हमेशा प्रेरित करती रहती हैं।
क्षेत्र के लोगों ने नरेंद्र साहू की इस मानवीय पहल की जमकर सराहना की है। सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह की पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है और इससे जरूरतमंद लोगों को बड़ी मदद मिलेगी।



