
रायगढ़, 11 मई। रायगढ़ पुलिस की मानवीय पहल एक बार फिर सामने आई है। थाना चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने परिजनों से बिछड़े एक मासूम बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8 बजे कमला नेहरू गार्डन के पास 4 से 5 वर्षीय एक बालक अकेले और घबराई हुई हालत में घूमता मिला। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना चक्रधरनगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
पुलिसकर्मियों ने बच्चे को शांत कर उससे पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम और मिट्ठूमुडा क्षेत्र का निवासी होना बताया। इसके बाद पुलिस टीम बच्चे को साथ लेकर मिट्ठूमुडा पहुंची और उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान पुलिस को बच्चे का बड़ा भाई मिला, जिसकी उम्र करीब 8 वर्ष बताई गई। दोनों बच्चों से जानकारी लेने के बाद पुलिस टीम उन्हें सुरक्षित उनके घर पहुंची, जहां बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द किया गया।
अपने बेटे को सकुशल वापस पाकर परिवारजनों ने राहत की सांस ली और चक्रधरनगर पुलिस की संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।



