
कोरबा। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े ट्रेलर वाहनों पर कार्यवाही की है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत चलाए गए विशेष अभियान में 7 ट्रेलर वाहनों के चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना पाली पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों और यातायात अव्यवस्था पर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना पाली क्षेत्र के सरायपाली बुडबुड खदान इलाके में कोयला लोडिंग के लिए आने वाले ट्रेलर वाहनों द्वारा एनएच-130 और मेन रोड हाईवे पर वाहन खड़े कर मार्ग अवरुद्ध किए जाने की शिकायत मिली थी।
शिकायत में बताया गया था कि सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों के खड़े रहने से आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी, वहीं सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए 10 मई 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाईवे पर अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े 7 ट्रेलर वाहनों को चिन्हित कर उनके चालकों के खिलाफ धारा 285 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन मालिकों और चालकों को सख्त हिदायत दी कि वे सार्वजनिक मार्ग और हाईवे पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।
इसके अलावा सरायपाली बुडबुड खदान प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को भी उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पाली पुलिस ने साफ किया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



