
रायगढ़ पुलिस ने युवक को सकुशल छुड़ाया, दो स्कॉर्पियो वाहन जब्त
रायगढ़। थाना लैलूंगा पुलिस ने अपहरण के सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 24 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने झारखंड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए हैं।

मामला थाना लैलूंगा क्षेत्र का है, जहां ग्राम मुड़ागांव रामनाथपुर निवासी शिवप्रसाद बंजारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके 26 वर्षीय पुत्र रवि नारायण बंजारा का झारखंड से आए तीन युवकों ने घर में घुसकर अपहरण कर लिया। शिकायत के अनुसार 10 मई की दोपहर आरोपी दो स्कॉर्पियो वाहनों में सवार होकर पहुंचे और 12 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद करते हुए रवि बंजारा के साथ मारपीट कर उसे जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना लैलूंगा पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर झारखंड के रांची में दबिश दी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को आरोपियों के कब्जे से सकुशल मुक्त कराया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रायगढ़ ले आई।
पुलिस जांच में सामने आया कि अपहृत युवक और आरोपियों के बीच धान खरीदी-बिक्री को लेकर व्यापारिक लेन-देन का विवाद था। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। मामले में पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त वाहन क्रमांक CG 14 MU 1197 एवं JH 01 DV 6413 स्कॉर्पियो को जप्त किया है।
थाना लैलूंगा में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
पवन साहू (30 वर्ष), निवासी बोकोंदा, थाना लापुंग, जिला रांची, झारखंड
विष्णु साहू (22 वर्ष), निवासी बोकोंदा, थाना लापुंग, जिला रांची, झारखंड
नरेंद्र उर्फ नरेश साहू (27 वर्ष), निवासी डिम्बा, थाना लापुंग, जिला रांची, झारखंड
इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून को हाथ में लेकर किसी व्यक्ति को डराने, धमकाने या अपहरण जैसी वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।



