
कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बांकीमोंगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। निर्माणाधीन रेलवे लाइन से लाखों रुपए कीमत के रेलवे विद्युत खंभों की चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त ट्रक, गैस कटर और गैस सिलेंडर भी जप्त किया है।
पुलिस के अनुसार थाना बांकीमोंगरा क्षेत्र में आर एस इन्फा प्रोजेक्ट कंपनी द्वारा सुरकछार से सेन्दुरगढ़ पसान तक निर्माणाधीन रेलवे लाइन में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल कार्य कराया जा रहा था। कार्य के लिए उपयोग में आने वाले रेलवे विद्युत खंभों को बांकी 04 नंबर बायपास रोड स्थित बैचिंग प्लांट के पास डम्प किया गया था। मिलान के दौरान 102 नग रेलवे विद्युत खंभे गायब पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 42 लाख 41 हजार 687 रुपए बताई गई।
मामले में प्रार्थी अनीश कुमार सिंह की रिपोर्ट पर थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी किए गए विद्युत खंभों के टुकड़े थाना अकलतरा क्षेत्र में ट्रक क्रमांक CG 10 R 1744 के साथ जप्त किए गए थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी धरम सिंह राजपूत और फिरोज उर्फ राजा खान ने गैस कटर की मदद से रेलवे विद्युत खंभों को काटकर चोरी की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 140 नग खंभों के टुकड़े और घटना में प्रयुक्त ट्रक बरामद किया।
मुखबिर की सूचना पर 13 मई 2026 को पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त गैस सिलेंडर और गैस कटर भी जप्त किए गए। दोनों आरोपियों को न्यायालय कटघोरा में पेश किया गया, जहां से उन्हें उपजेल कटघोरा भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी धरम सिंह राजपूत थाना बांकीमोंगरा का निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी
धरम सिंह राजपूत, निवासी बांकीमोंगरा, जिला कोरबा,फिरोज उर्फ राजा खान, निवासी कुसमुण्डा, जिला कोरबा
कोरबा पुलिस ने कहा है कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



