
लेमरू में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सुशासन संदेश

लेमरू को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगात

कोरबा। विष्णु देव साय शनिवार को कोरबा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम लेमरू में आयोजित “सुशासन तिहार” के जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता के आशीर्वाद से बनी है और जनता की सेवा करना ही उनका सर्वोच्च कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि “सुशासन तिहार” सरकार की जनता तक सीधी पहुंच और जवाबदेह प्रशासन का प्रतीक बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 मई से प्रारंभ हुआ यह अभियान 10 जून तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से गांव-गांव जाकर आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह परिवार का मुखिया परिवार की समस्याओं का समाधान करता है, उसी तरह सरकार भी जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर कार्य कर रही है।
लेमरू को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने लेमरू क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने लेमरू में पोस्ट मैट्रिक छात्रावास एवं सिंचाई के लिए एनीकट निर्माण की घोषणा की। ग्राम पंचायत अरसेना और नकिया में विद्युतीकरण कार्य कराया जाएगा। बरपानी से देवदुवारी तक विकास कार्य, ग्राम डोकरमना, कुदरी चिंगार एवं चिरईझुंझ में नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण, डोकरमना एवं चिरईझुंझ में नवीन आंगनबाड़ी केंद्र भवन तथा ग्राम पंचायत देवपहरी के वार्ड क्रमांक-1 में सीसी रोड और पुलिया निर्माण की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। अब तक 27 किश्तों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़े पैमाने पर आवास निर्माण कराया जा रहा है। सरकार बनते ही 18 लाख पीएम आवास स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से लगभग 10 लाख आवास बनकर तैयार हो चुके हैं।
तेंदूपत्ता संग्राहकों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि संग्रहण दर 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा कर दी गई है तथा चरणपादुका वितरण भी पुनः शुरू कर दिया गया है।
किसानों, मजदूरों और आदिवासी समाज के लिए घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से रिकॉर्ड मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है और बोनस भी दिया जा रहा है। भूमिहीन मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये सहायता राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने बिजली बिल समाधान योजना और पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेने की अपील भी की।
उन्होंने बताया कि पीएम-जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों तक सड़क, आवास, राशन कार्ड और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। पहाड़ी कोरवा समुदाय के लिए अत्याधुनिक एम्बुलेंस सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
मंत्रियों और अधिकारियों ने गिनाईं उपलब्धियां

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में “मोदी की गारंटी” को तेजी से पूरा किया जा रहा है।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भीषण गर्मी में भी लगातार प्रदेश का दौरा कर जनता की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जिला प्रशासन सभी आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित कर रहा है।

कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल,प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, महापौर संजू देवी राजपूत,जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया तथा जनपद सदस्य बीजमोती राठिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने दिए टैबलेट

सुशासन तिहार शिविर में मुख्यमंत्री ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 18 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित विद्यार्थियों में पूर्णेश डहरिया, आरती पैकरा, वसुंधरा दूबे, प्रीति श्रीवास, प्राची कैवर्त, सरस्वती चंद्रा, लकेश्वर, आरती साहू, आस्था यादव, दीप्ति, काव्या, आर्ची जायसवाल, शिवकुमारी, राशी, शिवकुमारी द्वितीय, मुस्कान श्रीवास, संध्या एवं श्रुति शामिल रहे।
हितग्राहियों को वितरित किए गए विभिन्न सामग्री और सहायता

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री एवं सहायता राशि वितरित की। खाद्य विभाग की ओर से 33 हितग्राहियों को राशन कार्ड प्रदान किए गए।
जनपद पंचायत द्वारा कुमारी अरुणा, प्यारेलाल एवं माजिद को इलेक्ट्रॉनिक ट्राइसाइकिल प्रदान की गई।
अनिता को ट्राइसाइकिल तथा महेत्तर सिंह को बैसाखी दी गई।
उद्यानिकी विभाग द्वारा रायसराम, राजेंद्र एवं जिमीलाल को ऑयलपाम बोरवेल योजना के तहत सहायता राशि प्रदान की गई।
जागर सिंह को ऑयलपाम रोपण योजना का लाभ दिया गया।
कृषि विभाग द्वारा अमृतलाल, सबनारायण, सहेतरीन बाई, सुरेश कुमार, रामचरण एवं तिलमोथी को पंप वितरित किए गए।
प्रदीप कुजूर को सिंचाई पंप तथा फिलिप लकड़ा एवं सत्यम को पावर स्प्रेयर वितरित किए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 9 हितग्राहियों को सुपोषित टोकरी प्रदान की गई।



