featuredकोरबाछत्तीसगढ़

महापौर संजू देवी राजपूत ने किया निगम कार्यालय साकेत भवन का औचक निरीक्षण

कोरबा, 27 मई 2026। नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने बुधवार को निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों एवं शाखाओं में साफ-सफाई, दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण, कर्मचारियों के कार्य वातावरण तथा आम नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

महापौर ने निर्माण शाखा, स्थापना शाखा, लेखा शाखा, राजस्व, योजना, भवन निर्माण, संपदा, सम्पत्तिकर शाखा, स्वच्छता शाखा, जलकर विभाग, स्टेशनरी शाखा, जन्म-मृत्यु पंजीयन विभाग, कैश शाखा, विधि विभाग, जनसंपर्क शाखा, स्टोर एवं उद्यान शाखा, विद्युत विभाग, डाटा सेंटर और परिषद शाखा सहित विभिन्न अधिकारियों के कक्षों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिस स्थान पर वे कार्य करते हैं, वहां की स्वच्छता और व्यवस्थित वातावरण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने नस्तियों और दस्तावेजों के सुव्यवस्थित संधारण पर जोर देते हुए कहा कि इससे कार्य निष्पादन में आसानी होगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित दस्तावेज तुरंत उपलब्ध हो सकेंगे।

महापौर श्रीमती राजपूत ने विभिन्न शाखाओं में आवश्यकतानुसार फर्नीचर, कुर्सी-टेबल और कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही जिन कक्षों में मरम्मत एवं सुधार कार्य की आवश्यकता है, वहां आवश्यक कार्य शीघ्र कराने को कहा।

आम नागरिकों की सुविधा पर विशेष जोर

महापौर ने कहा कि बड़ी संख्या में नागरिक अपने विभिन्न कार्यों के लिए निगम कार्यालय पहुंचते हैं, इसलिए संबंधित विभागों एवं शाखाओं में उनके बैठने की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं और कार्यों का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाए गए अधिकारी-कर्मचारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश भी महापौर ने दिए।

महापौर के इस निरीक्षण को निगम कार्यालय की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button